रिकी पोंटिंग ने खुलासा किया कि 2018 में उन्होंने अभिषेक शर्मा को दिल्ली कैपिटल्स में बनाए रखने की गुजारिश की थी, लेकिन रिलीज होने के बाद वही खिलाड़ी आज भारतीय क्रिकेट का बड़ा सितारा बन चुका है।
भारतीय क्रिकेट में जिस युवा बल्लेबाज की आज सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, उसे लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने बताया कि साल 2018 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स से अभिषेक शर्मा को टीम में बनाए रखने के लिए खास तौर पर गुजारिश की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
पोंटिंग का मानना है कि उसी समय उन्हें अभिषेक शर्मा में भविष्य का सुपरस्टार नजर आ गया था। इसके बावजूद दिल्ली ने उन्हें रिलीज कर दिया और बाद में वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बन गए। आज पीछे मुड़कर देखें तो यह फैसला दिल्ली के लिए बड़ी चूक साबित होता दिख रहा है।
Abhishek Sharma को लेकर पोंटिंग का बड़ा खुलासा
आईसीसी रिव्यू कार्यक्रम में बातचीत के दौरान रिकी पोंटिंग ने बताया कि वह अभिषेक शर्मा के पहले आईपीएल कोच थे। पोंटिंग के मुताबिक, जब अभिषेक (Abhishek Sharma) ने डेब्यू किया तब वह महज 17 साल के थे और पहली ही गेंद पर उन्होंने गेंदबाज के सिर के ऊपर से बड़ा शॉट खेला था। कुछ पल तक वह उसी पोज में खड़े रहे, जिससे साफ झलकता था कि इस खिलाड़ी में कुछ खास है।

आईपीएल डेब्यू में ही दिखा था दम
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने आईपीएल 2018 में दिल्ली के लिए डेब्यू करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और शिखर धवन के बदले उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के साथ ट्रेड कर दिया गया। साल 2019 से अभिषेक हैदराबाद की टीम का अहम हिस्सा हैं। इस दौरान उन्होंने 71 पारियों में 162 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 1753 रन बनाकर खुद को विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में साबित किया है।
टी20 वर्ल्ड कप को लेकर पोंटिंग की बड़ी भविष्यवाणी
पोंटिंग का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने जा सकते हैं। उनके मुताबिक, अगर अभिषेक रन बनाते रहे तो भारत को हराना किसी भी टीम के लिए बेहद मुश्किल हो जाएगा। वहीं अगर उनका बल्ला नहीं चला, तो टीम को नुकसान हो सकता है

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी छोड़ी छाप
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने जुलाई 2024 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब तक वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 37 पारियां खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 37 की औसत और करीब 195 की स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं। पोंटिंग को भरोसा है कि आने वाले समय में अभिषेक शर्मा भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बनकर उभरेंगे।
