हमारा देश धार्मिक देशों में से एक माना जाता है। लोग देवी-देवताओं की पूजा करके उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं सप्ताह का हर दिन अलग-अलग देवी-देवताओं को समर्पित है और हर दिन अलग-अलग रंग के कपड़े पहने की भी सलाह दी जाती है। गुरुवार का दिन भगवान विष्णु जी को समर्पित है और इस दिन पीले रंग का बहुत महत्व माना गया है। बहुत से लोग ऐसे हैं जो गुरुवार के दिन पीले रंग के कपड़े पहनते हैं।
गुरुवार के दिन भगवान विष्णु जी की पूजा में पीले रंग की चीजें और पीले रंग के फूल अर्पित किए जाते हैं। गुरुवार का दिन भगवान विष्णु जी के साथ देव गुरु बृहस्पति का भी दिन माना गया है। इस दिन बृहस्पति देव की भी पूरे विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना की जाती है।

ऐसा माना जाता है कि जगत के पालनहार भगवान विष्णु जी के साथ बृहस्पति देव को भी पीला रंग अति प्रिय है। इसी वजह से भगवान को प्रसन्न करने के लिए गुरुवार को लोग पीले रंग के कपड़े धारण करते हैं और भगवान को पीले रंग की मिठाईयां, फल चढ़ाते हैं। इसके अलावा गुरुवार को पीले रंग की चीजें दान करना शुभ फलदायक मानी जाती हैं।

आखिर गुरुवार के दिन पीले रंग का इतना महत्व क्यों माना जाता है। आखिर इसके पीछे क्या कारण है। आज हम आपको आपके मन में चल रहे इन सभी सवालों का जवाब देने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं आखिर गुरुवार को पीला रंग इतना शुभ क्यों माना जाता है।
क्यों शुभ माना जाता है पीला रंग

हिंदू धर्म में पीले रंग को बहुत ही शुभ माना जाता है। पीले रंग का इस्तेमाल शादी विवाह जैसे मांगलिक कार्यों में किया जाता है। शादी विवाह में पीले रंग की हल्दी लगाकर ही विवाह की रस्मों की शुरुआत की जाती है। शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो पीले रंग को संपन्नता का प्रतीक बताया गया है। इतना ही नहीं बल्कि पीला रंग जीवन में शुभता भी लाता है। पीले रंग से नकारात्मक विचार खत्म हो जाते हैं और मन उत्साहित रहता है।
गुरुवार को पीला रंग धारण करने से मिलते हैं ये फायदे

1. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार देखा जाए तो अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु की स्थिति खराब है, जिसके कारण विवाह में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं या फिर विवाह की बातचीत बनते-बनते बिगड़ जा रही है तो ऐसे में गुरुवार को पीले रंग के कपड़े धारण करने चाहिए। इससे परिस्थितियां अनुकूल हो जाती हैं। गुरुवार को पीले रंग के कपड़े धारण करने से शादी में आ रही रुकावट दूर होती है और अच्छे जीवन साथी की तलाश खत्म हो जाती है।
2. गुरुवार का दिन भगवान विष्णु जी को समर्पित है। ऐसी स्थिति में अगर आप गुरुवार को पीले रंग के कपड़े धारण करते हैं या फिर पीले धातु का धारण करेंगे तो इससे भगवान विष्णु जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
3. अगर आप गुरुवार के दिन पीले रंग की कपड़े धारण करते हैं तो इससे आपका स्वास्थ्य अच्छा रहता है। इतना ही नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति में भी सुधार आता है।