मध्य प्रदेश के किसान चीना बीज की खेती से अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। नीमच मंडी में चीना बीज का बढ़िया भाव मिल रहा है, जिससे यह किसानों की पसंदीदा फसल बनती जा रही है। आइए जानते हैं इसके बारे में।
चीना बीज की खेती कब होती है
चीना बीज एक औषधीय फसल है। इसे मोटा अनाज भी कहा जाता है और यह सेहत के लिए काफी फायदेमंद है, इसलिए बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलती है। इसकी खेती आप साल में कभी भी कर सकते हैं। गर्मी के मौसम में अप्रैल का महीना सबसे बढ़िया माना जाता है। बरसात के मौसम में खेती करने पर सिंचाई की जरूरत कम पड़ती है, जबकि अन्य मौसमों में लगभग 4–5 सिंचाई करनी पड़ती है। चीना बीज की खेती लगभग 2 महीने की फसल होती है।
चीना बीज की इस समय कीमत कितनी है
अगर चीना बीज की वर्तमान कीमत की बात करें, तो इस समय 2400 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। किसान बताते हैं कि उन्हें राजगीर की तुलना में इसमें ज्यादा फायदा हो रहा है। राजगीर की खेती में मेहनत ज्यादा लगती है, जबकि चीना बीज में मेहनत कम है। अगर गुणवत्ता अच्छी हो, तो 2500 से 3000 रुपये, कभी-कभी 4000 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव भी मिल जाता है।
चीना बीज की खेती से कितना उत्पादन मिलता है
किसान अगर पहली बार भी चीना बीज की खेती करते हैं, तो प्रति बीघा 4 से 5 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। इसमें किसी प्रकार की बीमारी नहीं लगती, जिससे खेती का खर्च कम आता है। अगर किसान 2–3 बीघा में इसकी खेती करते हैं, तो 14–15 क्विंटल तक उत्पादन लेकर अच्छी कमाई कर सकते हैं।
चीना बीज सेहत के लिए क्यों फायदेमंद है
चीना बीज सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह ग्लूटेन मुक्त होता है, इसलिए जिन्हें गेहूं से परहेज है वे इसका सेवन कर सकते हैं। इससे चावल, खीर, रोटी और कई तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं।
