WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 को अपना पहला फाइनलिस्ट मिल गया है। लीग के एलिमिनेटर के लिए पहली टीम भी तय हो गई है। एलिमिनेटर में दूसरे स्पॉट के लिए अब दो टीमें रेस में हैं।
WPL 2026 Playoffs Qualification Scenarios: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के अंतिम पड़ाव पर रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में शुक्रवार, 30 जनवरी को खेले गए 19वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने बड़ा उलटफेर करते हुए डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को 11 रनों से शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ गुजरात ने न केवल मुंबई के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की, बल्कि प्लेऑफ के एलिमिनेटर राउंड का टिकट भी पक्का कर लिया है।
विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के प्लेऑफ अब लगभग साफ हो गए हैं। हालांकि, एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स का सामना करने वाली टीम का पता 1 फरवरी को चलेगा। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस दो टीमें हैं जो दूसरे एलिमिनेटर स्पॉट के लिए रेस में हैं। ऐसे में हमारे साथ जानिए प्लेऑफ क्वालीफाई करने का सटीक समीकरण।
1 फरवरी को होगा प्लेऑफ डिसाइडर मैच
विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 1 फरवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मुंबई इंडियंस भी इस मैच पर नजर रखेगी।

WPL 2026 पॉइंट्स टेबल की मौजूदा स्थिति
| टीम का नाम | मैच | अंक | नेट रन रेट |
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 8 | 12 | +1.247 |
| गुजरात जायंट्स | 8 | 10 | -0.168 |
| मुंबई इंडियंस | 8 | 6 | +0.059 |
| दिल्ली कैपिटल्स | 7 | 6 | -0.164 |
| यूपी वॉरियर्स | 8 | 4 | -1.146 |
प्लेऑफ क्वालिफिकेशन का सटीक समीकरण
- दिल्ली कैपिटल्स: दिल्ली के लिए समीकरण बिल्कुल साफ है। 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मैच में अगर दिल्ली जीत हासिल करती है, तो उसके 8 अंक हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी और मुंबई इंडियंस 6 अंकों के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
- मुंबई इंडियंस: मुंबई की नजरें अब पूरी तरह से यूपी वॉरियर्स पर टिकी हैं। अगर 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्स दिल्ली को हरा देती है, तो दिल्ली और मुंबई दोनों के 6-6 अंक रह जाएंगे। ऐसे में मुंबई अपने बेहतर नेट रन रेट (+0.059) की बदौलत प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लेगी।
