Neeraj Chopra Wins Paris Diamond League 2025: भारतीय जेवलिन थ्रो स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस बार उनका करिश्मा पेरिस में देखने को मिला। जो उनके लिए बेहद खास रहा। दरअसल नीरज चोपड़ा पेरिस डायमंड लीग 2025 में जेवलिन थ्रो के विजेता बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने साल 2025 का अपना पहला खिताब जीत लिया है।
नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने शुक्रवार 20 जून को पेरिस डायमंड लीग में दमदार जीत दर्ज की। उन्होंने जर्मनी के जूलियन वेबर को कड़ी टक्कर देते हुए प्रतियोगिता का खिताब जीता। डायमंड लीग में दो साल बाद नीरज की यह पहली जीत है और पेरिस में भी यह उनका पहला खिताब है।
Neeraj Chopra का पहला ही थ्रो बना गेम चेंजर
नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 88.16 मीटर का जबरदस्त थ्रो किया, जिसे कोई भी अन्य खिलाड़ी अंत तक पार नहीं कर सका। दूसरा थ्रो 85.10 मीटर का रहा, जबकि अगले तीन प्रयास फाउल रहे। आखिरी थ्रो में उन्होंने 82.89 मीटर की दूरी तय की। हालांकि, उनका पहला थ्रो ही खिताब जीतने के लिए काफी साबित हुआ।

जूलियन वेबर ने भी अपने पहले प्रयास में 87.88 मीटर की दूरी तय की, लेकिन नीरज से पीछे रह गए और दूसरे नंबर पर रहे। ब्राजील के लुइस मौरिसियो दा सिल्वा तीसरे दौर में 86.62 मीटर की दूरी तय करके तीसरे नंबर पर रहे।
नीरज चोपड़ा ने लिया जूलियन वेबर से बदला
हाल ही में हुए मुकाबलों में जर्मनी के भाला फेंक एथलीट जूलियन वेबर ने नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) को दो बार हराया है। पहली बार 16 मई को दोहा डायमंड लीग में, जहां चोपड़ा ने शानदार 90.23 मीटर भाला फेंका, लेकिन वेबर ने अपने आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर पहला नंबर हासिल किया।
दूसरी बार 23 मई को पोलैंड में जनुश कुसोसिन्स्की मेमोरियल इवेंट में दोनों आमने-सामने हुए, और इस बार भी वेबर ने बाजी मारी। उन्होंने 86.12 मीटर का थ्रो किया, जबकि नीरज चोपड़ा सिर्फ 84.14 मीटर तक ही पहुंच सके।
नीरज चोपड़ा की डायमंड लीग जीत
- लॉजेन 2022
- डायमंड लीग फाइनल 2022
- दोहा 2023
- लॉजेन 2023
- पेरिस 2025