Padma Awards 2026: देश के 77वें गणतंत्र दिवस के खास मौके पर, भारत सरकार ने घोषणा की है कि नौ खेल हस्तियों को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम शामिल हैं: पूर्व पुरुष टीम के कप्तान रोहित शर्मा और मौजूदा महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर।
Rohit Sharma And Harmanpreet Kaur Honoured With Padma Shri Award 2026: देश के 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या भारत के खेल जगत के लिए बहुत खास रही। सरकार ने इस मौके पर कई बड़े खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को पद्म पुरस्कार देने का ऐलान किया। टीम इंडिया के सीनियर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को इस साल पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।
आपको बता दें कि पद्म श्री देश का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। ये सम्मान रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को क्रिकेट में शानदार योगदान और उनकी हाल की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने दी 131 Padma Awards को मंजूरी
पद्म पुरस्कारों की घोषणा हर साल 26 जनवरी को की जाती है और मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में ये पुरस्कार दिए जाते हैं। साल 2026 के लिए, राष्ट्रपति ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है, जिसमें दो जोड़ी मामले शामिल हैं। इस लिस्ट में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। कुल पुरस्कारों में 19 महिलाएं, विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई कैटेगरी के 6 प्राप्तकर्ता और 16 मरणोपरांत पुरस्कार शामिल हैं।
रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर की उपलब्धियां
रोहित शर्मा अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्हें पद्म श्री का सम्मान मिला है। बीते वर्षों में उनकी कप्तानी ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई दी। रोहित की अगुवाई में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अपने नाम की, जिससे उनके नेतृत्व को ग्लोबल पहचान मिली। बल्लेबाजी में भी वे निरंतर चमके और इंटरनेशनल लेवल पर 20,109 रन, 50 शतक और 111 अर्धशतक बनाए। टी20 और टेस्ट से संन्यास के बाद वे अब वनडे पर फोकस कर रहे हैं।
महिला क्रिकेट के लिए पद्मश्री पाने वाली हरमनप्रीत कौर अपनी कामयाबी के लिए देश भर में तारीफ का केंद्र रही हैं। हरमनप्रीत ने हाल ही में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुए फाइनल में साउथ अफ़्रीका को 52 रन से हराकर भारत को पहली बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप जिताया। इस जीत ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और महिला खिलाड़ियों के लिए नए दरवाजे खोले। हरमनप्रीत को महिला क्रिकेट की “आयरन लेडी” के तौर पर देखा जाता है, जो उनकी मजबूत लीडरशिप को दिखाती है।
खेल जगत से जुड़े इन 9 हस्तियों को मिला सम्मान
- श्री रोहित शर्मा (क्रिकेट)
- सुश्री हरमनप्रीत कौर भुल्लर (क्रिकेट)
- श्री विजय अमृतराज (टेनिस)
- श्री बलदेव सिंह (हॉकी कोच)
- सुश्री सविता पूनिया (हॉकी)
- श्री प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स)
- श्री भगवानदास रायकवार (खेल सेवा)
- श्री के. पजनीवेल (खेल)
- श्री व्लादिमीर मेस्त्विरिशविली (कुश्ती कोच)
