टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत के हीरो बने जसप्रीत बुमराह ने कहा कि अहमदाबाद में वर्ल्ड कप जीतना उनके लिए बेहद खास है।
Jasprit Bumrah on winning the T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस शानदार जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप में अपने खिताब का सफल बचाव करने वाली और तीन बार यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई।
इस जीत में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने फाइनल मुकाबले में चार विकेट झटककर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और टीम इंडिया की जीत की नींव रखी। अपने शानदार प्रदर्शन के लिए बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
“मैं पर्दे के पीछे नहीं रहना चाहता…” Jasprit Bumrah ने कही बड़ी बात
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने बताया कि अहमदाबाद में मिली यह जीत उनके लिए क्यों सबसे खास है। बुमराह ने कहा कि उन्हें हमेशा दबाव भरे मौकों पर टीम के लिए आगे आना पसंद है। उन्होंने कहा, “मैं पर्दे के पीछे नहीं रहना चाहता हूं। मैं हमेशा सक्रिय रूप से टीम के लिए योगदान देना चाहता हूं। मुझे शुरू से ही चुनौतियां पसंद हैं और जब मैं टीम के लिए कुछ बदलाव लाता हूं तो उससे बेहतर अहसास कुछ नहीं होता।”

अहमदाबाद में जीतना क्यों रहा खास
गुजरात में जन्मे जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के लिए यह जीत भावनात्मक रूप से भी बेहद खास रही। अहमदाबाद वही शहर है, जहां से उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत हुई थी और जहां उन्होंने अपने शुरुआती दिन बिताए। बुमराह ने कहा कि उन्होंने अपना ज्यादातर क्रिकेट यहीं खेला है और गुजरात के लिए खेलते हुए ही आगे बढ़े। ऐसे में उसी मैदान पर वर्ल्ड कप जीतना और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनना उनके लिए बेहद खास पल बन गया।

2023 की कसक भी हुई खत्म
बुमराह (Jasprit Bumrah) ने यह भी माना कि पिछले कुछ सालों से अहमदाबाद का मैदान भारतीय टीम के लिए कई यादें समेटे हुए है। खासकर 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार अब तक खिलाड़ियों के दिल में थी। उन्होंने कहा कि पिछली बार टीम बस थोड़ा सा चूक गई थी, लेकिन इस बार उसी मैदान पर जीत हासिल करना बेहद सुकून देने वाला रहा।
फाइनल में परिवार की मौजूदगी ने बढ़ाई खुशी
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान बुमराह (Jasprit Bumrah) के लिए एक और खास बात यह रही कि उनका परिवार भी स्टेडियम में मौजूद था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा और मां दोनों इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। बुमराह ने कहा कि परिवार के सामने ऐसा बड़ा मैच जीतना उनके लिए बेहद निजी और भावुक पल था। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह पूरा साइकिल है या नहीं, लेकिन वह इस जीत से बेहद खुश और संतुष्ट हैं।
