Deepti Sharma: भारतीय महिला क्रिकेट की ‘गोल्डन गर्ल’ दीप्ति शर्मा ने साल 2025 खत्म होने से पहले एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे आज तक कोई भी भारतीय पुरुष या महिला क्रिकेटर छू नहीं पाया है।
Deepti Sharma T20I Wicket Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने साल 2025 के खत्म होने से पहले ही ऐसा इतिहास रच दिया है, जो अब तक कोई भी भारतीय महिला खिलाड़ी नहीं कर पाया था।
श्रीलंका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे कर लिए और इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन गईं।
Deepti Sharma के एक ही मैच में कई रिकॉर्ड्स
तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मुकाबले में दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने अपनी जादुई गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पारी के शुरुआत में ही दीप्ति ने श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापत्तू (3 रन) को आउट कर अपना 149वां विकेट लिया। 14वें ओवर में जैसे ही दीप्ति ने कविशा दिलहारी को पवेलियन भेजा, उन्होंने इतिहास रच दिया। वे भारत की ओर से (पुरुष और महिला दोनों में) 150 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं।
मैच के अपने आखिरी ओवर में मालशा शहानी का विकेट लेकर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने 151 विकेट पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट की बराबरी कर ली है और अब वे संयुक्त रूप से दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टी20 गेंदबाज हैं।
महिला टी20 में सबसे ज्यादा विकेट गेंदबाज
- मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया): 151 विकेट
- दीप्ति शर्मा (भारत): 151 विकेट
- हेनरिएट इशिम्वे (रवांडा): 144 विकेट
- निदा डार (पाकिस्तान): 144 विकेट
- सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड): 142 विकेट
भारतीय दिग्गजों को छोड़ा बहुत पीछे
टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दीप्ति शर्मा ने पुरुष टीम के बड़े-बड़े दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
- दीप्ति शर्मा (महिला टीम): 151 विकेट
- अर्शदीप सिंह (पुरुष टीम): 110 विकेट
- जसप्रीत बुमराह (पुरुष टीम): 103 विकेट
- हार्दिक पांड्या (पुरुष टीम): 101 विकेट
