Weather Update :कई दिनों से उत्तर भारत में लगातार कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा पड़ रहा है। ऐसे में आम जनजीवन काफी ज्यादा प्रभावित हो रहा है। इस बीच कई क्षेत्रों में दृश्यता भी काफी कम दर्ज की जा रही है। कुछ राज्यों में तो दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। वहीं, कई जगह शीतलहर का प्रकोप भी लोगों को झेलना पड़ रहा है। इस बीच भारत मौसम विभाग की ओर से लेटेस्ट वेदर अपडेट जारी कर बताया गया है कि आगामी दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है।
भारत मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार आगामी दिनों में पर्वतीय व मैदानी इलाकों में बारिश, बर्फबारी और घना कोहरा पड़ने की संभावना बनी हुई है। बीते कुछ घंटे में उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और पंजाब के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा है। यहां पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है। इसी के साथ उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में भी घना कोहरा रहा और यहां दृश्यता 50 से 199 मीटर के बीच बनी रही।
वहीं, असम, मेघालय, त्रिपुरा, अप हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के भी कई क्षेत्रों में कोहरे का प्रभाव देखने को मिला है। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में सर्दी का कहर जारी है।
भारत मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान लगाया गया है कि कल, 5 और जनवरी को जम्मू कश्मीर और लद्दाख के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, कल 5 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। इसी के साथ उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में तो पाला पड़ने के भी आसार विभाग ने जताए हैं। इसके अलावा 7-6 जनवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई क्षेत्रों में गरज व चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 7 दिनों (Seven Day Weather Alert) तक उत्तर भारत और उसके आसपास के क्षेत्रों में रात और सुबह के समय काफी ज्यादा कोहरा छा सकता है। वहीं, कल 5 जनवरी को उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिम मध्य प्रदेश में कोल्ड वेव चलने के भी असर विभाग ने जताए हैं। साथ ही 5 से 8 जनवरी के मध्य पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में और 5 से 9 जनवरी तक पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में 5 से 10 जनवरी और झारखंड में 6 से 7 जनवरी तक शीतलहर चलने की काफी संभावना बनी हुई है।
जानें दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की ओर से जो पूर्वानुमान जारी किया गया है, उसके अनुसार कल 5 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Weather Alert) में अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रह सकता है। वहीं, इस दौरान सुबह के समय हल्की धुंध भी छाई रह सकती है। राजधानी दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रह सकता है।
ऐसे में पूर्वानुमान लगाया जा रहा है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ अधिक रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य ही रहेगा। वहीं, दिल्ली में सुबह के समय पश्चिम दिशा से हवाएं चलने के आसार हैं और उनकी रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहेगी। हालांकि दोपहर तक हवा तेज हो सकती है और उत्तर पश्चिम दिशा में चलेगी, जिसकी रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।
जानें उत्तर प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार का कहना है कि आगामी दिनों में भयंकर शीतलहर (cold wave alert) से पूरे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। उन्होंने पूर्वानुमान लगाया है कि आगामी 72 घंटे के भीतर प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।
वहीं, इसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में शीतलहर का इफेक्ट और ज्यादा तेज होने के आसार हैं। अगर बात करें बीते 24 घंटे के मौसम की तो इस दौरान हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं, इस दौरान कई जिलों में काफी ज्यादा कोहरे के चलते दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई है।
जानें बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम
बिहार में ठंड (Bihar ka alert) का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में गलन भी बढ़ रही है और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश का न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 8 जनवरी तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
बीते 24 घंटे में किशनगंज में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं, अगर हम बात करें न्यूनतम तापमान की तो सबसे कम न्यूनतम तापमान छपरा क्षेत्र का रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।
जानें राजस्थान में कल कैसा रहेगा मौसम
लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार पूर्वी राजस्थान (Rajasthan Weather Alert) के कुछ क्षेत्रों में बीते 24 घंटे से शीतलहर और शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। वहीं, 24 घंटे में अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा है। हालांकि कई जगहों पर घना कोहरा भी देखने को मिला है। इस दौरान सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस, पाली व चूरू में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अधिकतर शहरों में इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी समय में भी प्रदेश में ठंड ऐसे ही बनी रह सकती है। साथ ही इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है, जिसके चलते दृश्यता में भी कमी दर्ज की जाएगी।
जानें कैसा रहेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग (Weather Update) का पूर्वानुमान है कि आगामी दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं है। हालांकि इसके बाद आने वाले दो दिनों में तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है और उसके बाद एक बार फिर स्थिति स्थिर बने रहने के आसार हैं। वहीं, अगर बात करें मध्य और पूर्वी भारत के तापमान की तो आने वाले तीन दिनों में यहां के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
