त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% की वृद्धि को मंजूरी मिल गई है। इस संशोधन के बाद अब DA और DR 55% से बढ़कर 58% हो गया है। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा। हालांकि, इसी बीच 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।
8वें वेतन आयोग पर ताज़ा अपडेट
कर्मचारियों की निगाहें अब 8वें वेतन आयोग के औपचारिक गठन और उसकी सिफारिशों पर टिकी हैं, जो आने वाले वर्षों में वेतन और पेंशन स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव ला सकता है। जनवरी 2025 में सरकार ने आयोग के गठन को मंजूरी दी थी, लेकिन अब तक Terms of Reference (ToR) — यानी आयोग के कार्यक्षेत्र और दिशानिर्देश — तय नहीं किए गए हैं।
ToR के फाइनल होने के बाद ही आयोग आधिकारिक रूप से काम शुरू करेगा और विभिन्न हितधारकों से चर्चा के बाद वेतन संशोधन पर अपनी सिफारिशें पेश करेगा। आमतौर पर यह प्रक्रिया लगभग 18 महीने तक चलती है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.8 से 2.46 के बीच रखा जा सकता है, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में 14% से 34% तक की बढ़ोतरी संभव है।
करोड़ों कर्मचारियों को होगा फायदा
कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि DA बढ़ोतरी से लगभग 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। इनमें 49.2 लाख कर्मचारी और 68.7 लाख पेंशनधारक शामिल हैं।
सरकार के इस निर्णय को कर्मचारियों के लिए त्योहारी सीज़न का बड़ा तोहफा माना जा रहा है, जबकि 8वें वेतन आयोग की घोषणा पर अब सबकी निगाहें टिक गई हैं।
