U19 World Cup के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई, कप्तान थॉमस रेव की शतकीय पारी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
U19 World Cup Semifinal: अंडर-19 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां इंग्लैंड ने मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बना ली। बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने दबाव के क्षणों में शानदार खेल दिखाया और मैच को अपने नाम कर लिया।
चार बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही थी, लेकिन सेमीफाइनल में इंग्लैंड के सामने उसकी एक नहीं चली। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने 27 रनों की अहम जीत दर्ज की।
U19 World Cup: ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने शुरुआती झटके जल्दी गंवा दिए। 60 रन तक तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान थॉमस रेव ने मोर्चा संभाला। थॉमस रेव ने कैलेब फाल्कनर के साथ चौथे विकेट के लिए 135 रनों की अहम साझेदारी की और 107 गेंदों में 110 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इंग्लैंड ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए।

U19 World Cup: ?
277 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम को अच्छी शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। हालांकि बीच के ओवरों में विकेट गिरने से रन गति पर असर पड़ा।
कप्तान ओलिवर पीक ने नितेश सैमुअल के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन साझेदारी टूटते ही दबाव बढ़ गया।
U19 World Cup:
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक ने एक छोर संभालते हुए शतक जरूर जमाया, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। नितेश सैमुअल के 47 रन और आर्यन शर्मा की 23 गेंदों में 34 रनों की तेज पारी भी हार नहीं टाल सकी। पूरी टीम 47.3 ओवर में 250 रन पर सिमट गई।

U19 World Cup:
इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं खत्म हो गया और यह उसकी इस वर्ल्ड कप में पहली हार भी रही। वहीं इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय बना हुआ है। अब फाइनल में इंग्लैंड का सामना भारत या अफगानिस्तान में से किसी एक टीम से होगा, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह है।
