Haryana – केंद्र सरकार ने रेलवे बजट के तहत हरियाणा को बड़ी सौगात दी है। राज्य के लिए 3,566 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। इस बजट से रेलवे लाइन दोहरीकरण, स्टेशन विकास और लंबित परियोजनाओं को गति मिलेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी-
केंद्र सरकार ने रेलवे बजट के तहत हरियाणा को 3,566 करोड़ रुपये का आवंटन किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 150 करोड़ रुपये अधिक है। इससे राज्य में लंबित रेलवे परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2025-26 में हरियाणा के लिए 3,416 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था।
ऑनलाइन पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव (Union Railway Minister Ashwini Vaishnav) ने बताया कि इस बजट से कई अहम विकास कार्य पूरे किए जाएंगे।
हरियाणा में इस समय करीब 12 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके तहत राज्य के 34 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जबकि कई नई रेल लाइनों के निर्माण (construction of new railway lines) का कार्य भी प्रगति पर है।
रेल मंत्री ने बताया कि हरियाणा में सभी रेलवे खंडों का विद्युतीकरण (Electrification of railway sections) पूरा हो चुका है। साथ ही यूपी से पंजाब तक बिछाया गया डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर एक महत्वपूर्ण कड़ी बन गया है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य (Redevelopment of the railway station) तय समय से पहले तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के लिए पांच साल का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से अब तक करीब दो साल का काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य अगले तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा।
रेलवे से 80 हजार करोड़ रुपये का राजस्व-
हरियाणा के पानीपत (Panipat, Haryana) में चल रही हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना को लेकर रेल मंत्री ने बताया कि ट्रेन की पूरी तरह से टेस्टिंग (testing) की जा रही है और जल्द ही इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
दिल्ली-अमृतसर बुलेट ट्रेन परियोजना (Delhi-Amritsar Bullet Train Project) पर उन्होंने कहा कि प्राथमिक चरण में देश के अन्य रेल खंडों पर पहले फेज का काम चल रहा है। दूसरे चरण में दिल्ली-अमृतसर बुलेट ट्रेन के प्रस्ताव का आकलन किया जाएगा।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे ने यात्री टिकटों (Railway passenger tickets) से पिछले वर्ष करीब 75 हजार करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था, जो इस वर्ष बढ़कर लगभग 80 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विश्व की सबसे उत्कृष्ट ट्रेनों में शामिल वंदे भारत-
पत्रकार वार्ता के दौरान रेल मंत्री ने अपने विदेशी दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में संचालित वंदे भारत ट्रेनें विश्व की अन्य ट्रेनों की तुलना में अधिक बेहतर और सुरक्षित हैं। इन ट्रेनों में कंपन, शोर नियंत्रण और यात्री सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैं, जिसकी विदेशी इंजीनियर (foreign engineer) भी सराहना कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़-दिल्ली (Chandigarh-Delhi) के बीच चल रही वंदे भारत ट्रेन को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह है और सफर के दौरान यात्री अक्सर इसकी गुणवत्ता के लिए उन्हें बधाई भी देते हैं।
