IND vs SA: PAK vs NZ मैच रद्द होने के बाद से फैंस को ये डर सता रहा है कि कहीं 22 फरवरी को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में भी बारिश ने खलल डाल दिया तो किस टीम को फायदा होगा?
PAK vs NZ, IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले खत्म होने के बाद सुपर-8 का दौर शुरू हुआ लेकिन सुपर-8 का सफर जिस तरह से शुरू हुआ उसका किसी ने अनुमान भी नहीं लगाया होगा। सुपर-8 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना था लेकिन ये मैच बारिश के कारण पूरी तरह से रद्द हो गया।
इस मैच के बाद से फैंस को ये डर सता रहा है कि कहीं 22 फरवरी को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में भी बारिश खलल न डाल दे और अगर ऐसा होता है कि तो किस टीम को फायदा होगा? आगे हम आपको बताने वाले हैं कि 22 फरवरी यानी कल अहमदाबाद का मौसम कैसा होगा और मैच रद्द होने के बाद किस टीम को फायदा होगा।
बारिश की वजह से रद्द हुआ PAK vs NZ मैच
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड-पाकिस्तान के बीच सुपर-8 का पहला मुकाबला खेला जाना था। जो बारिश के कारण सिर्फ टॉस तक ही जा पाया। टॉस के बाद हल्की बूंदा-बांदी शुरू हुआ जो लगातार धीरे-धीरे तेज बारिश में बदल गई। करीब 2 घंटे के इंतजार के बाद अंपायरों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। जिसके चलते पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम को 1-1 अंक बांट दिए गए।
कहीं बारिश न बने IND vs SA मैच में विलेन!
अब 22 फरवरी को टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा सुपर-8 का मुकाबला खेला जाना है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड मैच के रद्द होने के बाद फैंस मन ही मन डर रहे हैं कि अगर भारत-साउथ अफ्रीका मैच पर भी बारिश ने पानी फेर दिया तो क्या होगा। इससे पहले आइए आपको बताते हैं 22 फरवरी को अहमदाबाद का मौसम कैसा रहने वाला है?

IND vs SA: कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?
सुपर 8 के दूसरे मुकाबले यानी भारत-साउथ अफ्रीका मैच के दौरान मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा, उस समय आसमान साफ रहने वाला है। टेम्परेचर इस दिन 34-37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ह्यूमिडिटी 24% के आस-पास रहने का अनुमान है, वहीं हवा लगभग 9 km/h की रफ्तार से चलने वाली हैं। ऐसे में फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिलने वाला है। हालांकि, ज्यादा गर्मी खिलाड़ियों को परेशान कर सकती है।

भारतीय टीम ने पिछला मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला था। जहां पर स्पिनरों को थोड़ी मदद मिली थी। ऐसे में वो इसका फायदा उठाना चाहेगी। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम ने भी इस टूर्नामेंट में 2 मैच अहमदाबाद के मैदान पर खेला है। दोनों ही मुकाबलों में उन्हें जीत मिली है। ऐसे में वो भारत के घरेलू मैदान पर उन्हें कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
अगर रद्द हुआ IND vs SA मैच?
अब बात करें कि अगर बारिश के कारण भारत-साउथ अफ्रीका का मुकाबला रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिए जाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ICC की ओर से बनाई गई शर्तें यानि ‘प्लेइंग कंडीशंस’ हैं। इसके मुताबिक, अगर किसी ग्रुप में दो टीम बराबर पॉइंट्स पर रहती हैं तो ज्यादा मैच जीतने वाली टीम अगले राउंड में जाएगी।
अगर यहां भी दोनों बराबरी पर रहते हैं तो बेहतर नेट रनरेट वाली टीम आगे बढ़ेगी। अगर यहां भी बात नहीं बनती है तो दोनों टीम के आपसी टक्कर के नतीजे के आधार पर फैसला होगा। अगर इस आधार पर भी फैसला नहीं हो सका तो फिर सेमीफाइनल में वही टीम पहुंचेगी, जो 6 फरवरी 2026 को ICC रैंकिंग में ऊंचे स्थान पर थी।
