आईसीसी ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के लिए मैच ऑफिशियल का ऐलान कर दिया है।
IND vs NZ Final Match officials: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई है, जिससे इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। वहीं भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रनों से हराते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। अब इस बड़े मैच से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मैच ऑफिशियल के नामों का भी ऐलान कर दिया है।
IND vs NZ: रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ होंगे ऑन-फील्ड अंपायर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज फाइनल के लिए आईसीसी ने इंग्लैंड के अनुभवी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ को ऑन-फील्ड अंपायर की जिम्मेदारी सौंपी है। फाइनल में इन दोनों अंपायरों के फैसलों पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

रिचर्ड इलिंगवर्थ लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे। इससे पहले जब भारतीय टीम ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, तब भी इलिंगवर्थ फाइनल में अंपायरिंग कर चुके थे।
IND vs NZ: अनुभवी अंपायरों में होती है इलिंगवर्थ की गिनती
रिचर्ड इलिंगवर्थ को आईसीसी के सबसे अनुभवी अंपायरों में गिना जाता है। उन्होंने साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी ऑन-फील्ड अंपायर की जिम्मेदारी निभाई थी। वहीं एलेक्स व्हार्फ भी आईसीसी के एलीट पैनल के अंपायरों में शामिल हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। ऐसे में फाइनल जैसे बड़े मैच में इन दोनों का अनुभव काफी अहम माना जा रहा है।
IND vs NZ: एंडी पायक्रॉफ्ट होंगे मैच रेफरी
फाइनल मुकाबले के लिए आईसीसी ने मैच रेफरी की जिम्मेदारी एंडी पायक्रॉफ्ट को सौंपी है। वहीं तीसरे अंपायर की भूमिका साउथ अफ्रीका के अल्लाहुद्दीन पालेकर निभाएंगे। 48 वर्षीय पालेकर को मार्च 2025 में आईसीसी के एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स में शामिल किया गया था और इस टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने छह मुकाबलों में अंपायरिंग की है।

IND vs NZ: के लिए घोषित हुए मैच ऑफिशियल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल (IND vs NZ) के लिए आईसीसी ने मैच ऑफिशियल की पूरी सूची जारी कर दी है।
ऑन-फील्ड अंपायर: रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ
थर्ड अंपायर: अल्लाहुद्दीन पालेकर
फोर्थ अंपायर: एड्रियन होल्डस्टॉक
मैच रेफरी: एंडी पायक्रॉफ्ट
