Rajasthan News : राजस्थान में मार्च महीने में ही मौसम आग उगलने लगा है। ऐसे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। वर्तमान में प्रदेश में सबसे अधिक गर्म क्षेत्र बाड़मेर बना हुआ है। यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर चुका है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 48 घंटे में एक बार फिर राजस्थान में मौसम करवट ले सकता है। विभाग ने इस दौरान जहां हीटवेव चलने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों में बारिश में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है।
कई दिनों से राजस्थान में तापमान में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। वर्तमान में राजस्थान के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में मार्च महीने में ही लोगों को मई-जून जैसी गर्मी सता रही है।
इस बीच मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार बाड़मेर में लगातार दूसरा दिन सबसे गर्म दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 12 मार्च से तापमान में कुछ गिरावट जरूर देखने को मिल सकती है। वहीं, 14 व 15 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश होने की भी संभावना बन रही है।
बीते 24 घंटे के तापमान की बात करें तो राजस्थान में गर्मी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर का रहा है। वहीं, इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर का रहा है। इस दौरान बाड़मेर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और सीकर के फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, प्रदेश में हवा में ह्यूमिडिटी की एवरेज अमाउंट 10 से 30% रिकॉर्ड की गई है। ऐसे में हवाओं में सूखापन होने के चलते लू का इफेक्ट बढ़ रहा है।
मौसम विभाग की ओर से जारी की गई फोरकास्ट रिपोर्ट के बीते दिन पिलानी में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 38.7 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 38.5 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 38.2 डिग्री सेल्सियस, दौसा में 38 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 37.9 डिग्री सेल्सियस किया गया है। फतेहपुर सीकर में 37.8 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 37.6 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस, जालौर में 37.4 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 7.3 डिग्री सेल्सियस, अजमेर 37.0 डिग्री सेल्सियस, करौली में 36.8 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आज चल सकती हैं हीटवेव
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार आगामी 48 घंटे में प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि आज राजस्थान के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में गर्म हवाएं चल सकती हैं। जोधपुर और बाड़मेर संभाग में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
14 मार्च से बदले का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी अपडेट के अनुसार उत्तर भारत में आगामी 14 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसके चलते 14 व 15 मार्च को राजस्थान के मौसम में बदलाव दिखाई देगा। ऐसे में कई क्षेत्रों में बादल गरजने, आंधी चलने और बारिश होने के आसार हैं। अगर यह पूर्वानुमान सही जाता है तो तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कटौती हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से 14 मार्च को प्रदेश के 19 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसे में विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि आज बुधवार को दो जिलों में हीट वेव चलने की भी मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई थी।
