आईपीएल 2026 से पहले RCB ने बड़ा भावुक फैसला लेते हुए चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा खाली रखने का ऐलान किया है। आइए जानते है इसके पीछे की वजह।
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है। जहां एक तरफ टीमें नए सीजन की तैयारी में जुटी हैं, वहीं RCB ने इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।
पिछले साल 4 जून 2025 को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे ने फैंस और क्रिकेट समुदाय को गहरा झटका दिया था। अब उसी घटना की याद में फ्रेंचाइजी ने एक बड़ा और सम्मानजनक कदम उठाया है।
IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम की 11 सीटें हर मैच में रहेंगी खाली
RCB और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने मिलकर फैसला किया है कि स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड की 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखा जाएगा। इन सीटों पर अब कभी कोई दर्शक नहीं बैठेगा। यह फैसला सिर्फ आईपीएल मैचों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इंटरनेशनल और अन्य मुकाबलों में भी ये सीटें खाली ही रहेंगी। यह 11 सीटें उन लोगों की याद में एक स्थायी श्रद्धांजलि होंगी, जिन्होंने उस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाई थी।
IPL 2026: स्टेडियम गेट के पास बनेगा स्मारक
फ्रेंचाइजी ने पीड़ितों को सम्मान देने के लिए स्टेडियम के एंट्री गेट के पास एक भव्य स्मारक बनाने का भी निर्णय लिया है। इस स्मारक का अनावरण 28 मार्च को आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच से पहले किया जाएगा। मैच के दिन सभी 11 पीड़ितों के नाम स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। RCB का यह कदम खेल से परे जाकर मानवीय संवेदनाओं को दर्शाता है।

IPL 2026: खिलाड़ी पहनेंगे 11 नंबर की जर्सी
RCB के खिलाड़ी भी इस पहल का हिस्सा बनेंगे। टीम के सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनकर उन लोगों को याद करेंगे। फ्रेंचाइजी के CEO राजेश मेनन ने बताया कि इस सीजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। कर्नाटक सरकार, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर नए SOP लागू किए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
