DC vs MI मुकाबले में मुकेश कुमार ने बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच पकड़कर सभी को चौंका दिया, वहीं गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर मैच में अहम योगदान दिया।
DC vs MI, Mukesh Kumar brilliant catch: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा लम्हा देखने को मिला, जिसने फैंस को अपनी सीट से उठने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्कि फील्डिंग में भी कमाल दिखाते हुए मैच का रुख बदल दिया।
शनिवार, 4 अप्रैल को खेले गए इस मुकाबले में मुकेश कुमार ने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वह सिर्फ गेंदबाज ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन फील्डर भी हैं। तीन ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लेने के साथ-साथ उन्होंने एक ऐसा कैच पकड़ा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
DC vs MI: बाउंड्री लाइन पर पकड़ा हैरतअंगेज कैच
यह पूरा मामला मुंबई इंडियंस की पारी के 12वें ओवर का है, जब दिल्ली कैपिटल्स के लिए स्पिनर विपराज निगम गेंदबाजी करने आए थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड ने घुटने के बल बैठकर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की।
गेंद बल्ले से लगकर काफी ऊंची हवा में चली गई, जिसे देखकर बाउंड्री पर खड़े मुकेश कुमार ने तेजी से दौड़ लगाई। उन्होंने दौड़ते हुए बाउंड्री रोप के बिल्कुल पास शानदार संतुलन बनाते हुए एक बेहतरीन कैच लपक लिया। इस कैच को देखकर बल्लेबाज रदरफोर्ड भी हैरान रह गए और 7 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
DC vs MI: गेंदबाज़ी में भी दिखाया दम
मुकेश कुमार ने सिर्फ फील्डिंग में ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने तीन ओवर के स्पेल में महज 26 रन खर्च किए और दो अहम विकेट अपने नाम किए।

DC vs MI: एक ही ओवर में दो बड़े झटके
मुकेश कुमार ने मैच के दौरान एक ही ओवर में मुंबई इंडियंस के दो अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने पहले रयान रिकेल्टन को 9 रन पर आउट किया और इसके बाद तिलक वर्मा को बिना खाता खोले ही चलता कर दिया।
DC vs MI: सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
मुकेश कुमार के इस शानदार कैच का वीडियो आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। फैंस लगातार इस कैच की तारीफ कर रहे हैं और इसे इस सीजन के बेहतरीन कैचों में से एक बता रहे हैं।
