राजस्थान के खिलाफ मुकाबले से पहले हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। उन्होंने ट्रेनिंग शुरू कर दी है और फिट नजर आ रहे हैं, जिससे उनके खेलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में हार्दिक टीम का हिस्सा नहीं थे, जिससे मुंबई की टीम संतुलन बिगड़ता हुआ नजर आया। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली, लेकिन MI को हार का सामना करना पड़ा।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होना है, जो अंक तालिका के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) इस मुकाबले में वापसी कर पाएंगे या नहीं।
क्या राजस्थान के खिलाफ वापसी करेंगे Hardik Pandya?
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान बताया था कि हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की तबीयत ठीक नहीं है और वह खेलने की स्थिति में नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम को मिडिल ऑर्डर में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि अब ताजा अपडेट के मुताबिक हार्दिक पांड्या ने गुवाहाटी में टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं।

ट्रेनिंग में दिखे फिट, बढ़ी उम्मीदें
रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ट्रेनिंग सेशन के दौरान काफी अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने पहले वार्म-अप किया और फिर नेट्स में गेंदबाजी करते हुए अपने यॉर्कर भी डाले। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी का भी अभ्यास किया, जहां वह अच्छी टाइमिंग के साथ शॉट्स खेलते दिखे। बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड की निगरानी में उनका यह सेशन काफी सकारात्मक संकेत दे रहा है।
हार्दिक की कमी MI को पड़ी भारी
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक (Hardik Pandya) की गैरमौजूदगी साफ तौर पर महसूस की गई। टीम मिडिल ऑर्डर में वह फिनिशिंग टच नहीं दे पाई, जिसके लिए हार्दिक जाने जाते हैं। मुंबई इंडियंस ने उस मुकाबले में 162 रन बनाए, जो जीत के लिए काफी नहीं थे। इसके बाद गेंदबाजी में भी टीम असर नहीं छोड़ सकी और उन्हें 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
