GT vs MI: गुजरात टाइटन्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक 45 गेंदों में जड़ दिया है।
GT vs MI, Tilak Varma maiden IPL century: आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिला। शुरुआत हालांकि टीम के लिए बिल्कुल अच्छी नहीं रही और पावरप्ले के भीतर ही मुंबई ने 44 रन पर 3 बड़े विकेट गंवा दिए।
मुश्किल हालात में क्रीज पर आए तिलक वर्मा ने फिर ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद हर फैन को रोमांचित कर दिया। युवा बल्लेबाज ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ दिया।
GT vs MI: तिलक वर्मा ने रचा इतिहास
तिलक वर्मा ने सिर्फ 45 गेंदों में शतक पूरा कर मुंबई इंडियंस के लिए इतिहास रच दिया। वह फ्रेंचाइजी के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले सनथ जयसूर्या ने आईपीएल 2008 में मुंबई इंडियंस के लिए 45 गेंदों में शतक लगाया था। करीब 19 साल बाद मुंबई इंडियंस का कोई बल्लेबाज इस रिकॉर्ड की बराबरी कर पाया है। तिलक की यह पारी सिर्फ तेज नहीं थी, बल्कि बेहद जिम्मेदार भी थी क्योंकि टीम शुरुआती झटकों के बाद दबाव में थी।
4⃣5⃣-ball Hundred 🤯
Tilak Varma, TAKE A BOW 👏👏
Scorecard ▶️ https://t.co/cawFoZABvQ#TATAIPL | #KhelBindaas | #GTvMI | @mipaltan | @TilakV9 pic.twitter.com/JpC1WB7lHZ
— IndianPremierLeague (@IPL) April 20, 2026
GT vs MI: गुजरात के गेंदबाजों की लगाई क्लास
तिलक वर्मा ने नाबाद 101 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़े। उनके बल्ले से 74 रन सिर्फ चौकों और छक्कों के जरिए आए, जिससे गुजरात के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। पारी के आखिरी चार ओवरों में तिलक ने रफ्तार और बढ़ा दी। 16वें से 20वें ओवर के बीच उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों पर 65 रन ठोक डाले और मैच का पूरा रुख बदल दिया।
GT vs MI: अशोक शर्मा के एक ओवर में मचाया कहर
गुजरात टाइटंस के गेंदबाज अशोक शर्मा के 18वें ओवर में तिलक वर्मा ने जमकर हमला बोला। इस ओवर में उन्होंने लगातार पांच बाउंड्री लगाते हुए कुल 26 रन बटोर लिए। ओवर की शुरुआत छक्के से हुई, फिर लगातार चौके जड़े गए। इसके बाद चौथी और पांचवीं गेंद पर भी छक्का लगाकर तिलक ने गेंदबाज की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। आखिरी गेंद भले ही डॉट रही, लेकिन तब तक मुंबई को बड़ा फायदा मिल चुका था।
