चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस मैच में संजू सैमसन ने विकेट के पीछे शानदार फुर्ती दिखाते हुए शुभमन गिल को बिजली जैसी स्टंपिंग से आउट किया। इस शानदार अंदाज को देखकर फैंस को एमएस धोनी की याद आ गई।
CSK vs GT, Sanju Samson stumping: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 37वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया।
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए थे, जिसके जवाब में गुजरात ने 16.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि मुकाबले के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने फैंस को एमएस धोनी की याद दिला दी। विकेट के पीछे संजू सैमसन ने अपनी फुर्ती से शुभमन गिल को जिस अंदाज में आउट किया, उसने सभी को हैरान कर दिया।
CSK vs GT: पलक झपकते शुभमन गिल का किया काम तमाम
गुजरात टाइटंस जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 57 रन जोड़ दिए थे और चेन्नई पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। इसी दौरान नूर अहमद के ओवर की तीसरी गेंद लेग साइड की तरफ वाइड गई।
शुभमन गिल शॉट खेलने की कोशिश में चूक गए और तभी संजू सैमसन ने गेंद पकड़ते ही बिजली जैसी तेजी से बेल्स उड़ा दीं। मामला तीसरे अंपायर के पास गया, जहां रिप्ले में दिखा कि गेंद लगते समय गिल का पैर हवा में था और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। संजू सैमसन की यह स्टंपिंग देखकर सोशल मीडिया पर फैंस ने तुरंत एमएस धोनी को याद करना शुरू कर दिया।
CSK vs GT: शुभमन गिल के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
यह आईपीएल करियर में पांचवीं बार रहा जब शुभमन गिल स्टंपिंग होकर आउट हुए। खास बात यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वह तीसरी बार इस तरीके से पवेलियन लौटे हैं। गिल अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन एक छोटी सी चूक ने उनकी शानदार शुरुआत पर ब्रेक लगा दिया।
CSK vs GT: गिल-सुदर्शन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस मुकाबले (CSK vs GT) में शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच हुई 57 रन की साझेदारी उनके बीच आईपीएल में 19वीं बार 50 या उससे अधिक रनों की साझेदारी रही। इसी के साथ दोनों ने रोहित शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया। अब इस सूची में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी है, जिन्होंने आईपीएल में 21 बार 50 से ज्यादा रन की साझेदारी की है।
