BCCI ने नॉर्थ-ईस्ट में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए मणिपुर समेत कई राज्यों में हाईटेक इंडोर एकेडमी शुरू की, जिसका उद्घाटन PM मोदी ने किया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नॉर्थ-ईस्ट में क्रिकेट के विकास को नई रफ्तार देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। लंबे समय से इस क्षेत्र में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी महसूस की जा रही थी, लेकिन अब तस्वीर बदलती दिख रही है। मणिपुर में आधुनिक इंडोर क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत के साथ ही नॉर्थ-ईस्ट के खिलाड़ियों को बड़ा प्लेटफॉर्म मिल गया है।
इस पहल को और खास बना दिया देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने, जिन्होंने इस मेगा प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। वहीं, इस पूरी योजना के पीछे BCCI के पूर्व सचिव और मौजूदा ICC अध्यक्ष जय शाह की सोच और मेहनत साफ तौर पर नजर आती है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है।
PM मोदी ने किया मेगा क्रिकेट एकेडमी का उद्घाटन
मणिपुर में शुरू हुई इस इंडोर क्रिकेट एकेडमी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह पहल सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नॉर्थ-ईस्ट के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। इस खास मौके पर जय शाह, BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास, सचिव देवाजीत सैकिया, वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला और IPL चेयरमैन अरुण सिंह धूमल जैसे कई बड़े नाम मौजूद रहे। यह मौजूदगी इस प्रोजेक्ट की अहमियत को साफ तौर पर दर्शाती है।

BCCI: जय शाह की पहल ने बदली तस्वीर
इस प्रोजेक्ट की नींव साल 2024 में जय शाह ने रखी थी। उनके विजन के चलते दो साल के भीतर ये ट्रेनिंग सेंटर पूरी तरह तैयार हो गए और अब खिलाड़ियों के लिए खोल दिए गए हैं। नॉर्थ-ईस्ट जैसे क्षेत्र में क्रिकेट को मजबूत करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन इस पहल से अब वहां के खिलाड़ियों को भी बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यह कदम भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।
BCCI: खिलाड़ियों को मिलेंगी वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं
इन इंडोर ट्रेनिंग सेंटर को हाई-परफॉर्मेंस हब के रूप में डिजाइन किया गया है। यहां इंडोर प्रैक्टिस पिच, आधुनिक जिम, टेम्परेचर कंट्रोल्ड स्विमिंग पूल और अलग ट्रेनिंग व एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अब खिलाड़ी पूरे साल ट्रेनिंग कर सकेंगे, खासकर मॉनसून के दौरान भी अभ्यास में कोई बाधा नहीं आएगी। इससे उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

नॉर्थ-ईस्ट में तैयार हो रहा नया क्रिकेट इकोसिस्टम
मणिपुर के अलावा सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम और नागालैंड में भी ऐसे हाईटेक ट्रेनिंग सेंटर बनाए गए हैं। रंगपो, दोईमुख, इंफाल, मदनकुरकलंग, आइजोल और दीमापुर अब क्रिकेट के नए सेंटर बनकर उभर सकते हैं।
BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी इस पहल को गेम-चेंजर बताया और कहा कि इससे नॉर्थ-ईस्ट के खिलाड़ियों को देश के अन्य हिस्सों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। आने वाले समय में इसका असर घरेलू क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में भी साफ देखने को मिल सकता है।
