आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने विराट कोहली को 140.4 kmph की घातक इनस्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड कर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया।
LSG vs RCB, Virat Kohli dismissed for duck: आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में इकाना स्टेडियम में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। 210 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपने सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शुरुआत में ही पूरा मैच पलट दिया।
विराट कोहली सिर्फ दो गेंदों का सामना कर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। 140.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई प्रिंस यादव की घातक इनस्विंग गेंद ने कोहली का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। गेंद इतनी तेजी से अंदर आई कि विराट का डिफेंस पूरी तरह बिखर गया और कुछ सेकेंड तक वह खुद भी समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या।
LSG vs RCB: प्रिंस यादव की गेंद पर बिखरी विराट की गिल्लियां
आरसीबी की शुरुआत पहले ही खराब हो चुकी थी। मोहम्मद शमी ने पहले ओवर में जैकब बेथेल को आउट कर बेंगलुरु पर दबाव बना दिया। प्रिंस ने पहली गेंद आउटस्विंगर डाली, जिस पर विराट सतर्क नजर आए। लेकिन अगली ही गेंद पर युवा गेंदबाज ने अपनी प्लानिंग बदल दी।
140.4 kmph की रफ्तार से फेंकी गई इनस्विंग गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर आई और विराट का बल्ला उसे पढ़ ही नहीं पाया। गेंद सीधे ऑफ स्टंप से टकराई और गिल्लियां हवा में बिखर गईं। कोहली कुछ पल तक क्रीज पर खड़े रह गए।
LSG vs RCB: 9 साल बाद रन चेज में शून्य पर आउट हुए विराट
इस विकेट के साथ विराट कोहली के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। साल 2017 के बाद यह पहला मौका था जब विराट आईपीएल में रन चेज करते हुए बिना खाता खोले आउट हुए। इससे पहले वह 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए शून्य पर आउट हुए थे। वहीं, आईपीएल 2023 के बाद पहली बार विराट डक पर आउट हुए हैं।
LSG vs RCB: प्रिंस यादव ने बनाई खास जगह
विराट कोहली का विकेट हासिल करते ही प्रिंस यादव ने आईपीएल इतिहास की एक खास सूची में अपनी जगह बना ली। वह आईपीएल में विराट कोहली को 0 पर बोल्ड करने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा धवल कुलकर्णी ने साल 2016 में किया था।
LSG vs RCB: मिचेल मार्श और ऋषभ पंत ने रखी जीत की नींव
इस मुकाबले (LSG vs RCB) में लखनऊ सुपर जायंट्स ने बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए मिचेल मार्श ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों पर 111 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। मार्श के अलावा कप्तान ऋषभ पंत ने भी छोटा लेकिन बेहद तूफानी कैमियो खेला। पंत ने सिर्फ 10 गेंदों में 32 रन ठोक दिए और टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
