लखनऊ और चेन्नई के बीच खेले जा रहे IPL 2026 मुकाबले में खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में एंट्री की। उत्तर प्रदेश में आए भीषण तूफान में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए मैच से पहले एक मिनट का मौन भी रखा गया।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। हालांकि मैच शुरू होने से पहले मैदान पर एक भावुक माहौल देखने को मिला, जिसने सभी फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे और मुकाबले से पहले एक मिनट का मौन भी रखा गया।
मैच शुरू होने से पहले अचानक बदले इस माहौल को देखकर कई फैंस यह जानना चाहते थे कि आखिर खिलाड़ियों ने ऐसा क्यों किया। दरअसल उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश में कई लोगों की जान चली गई थी। इसी दुखद घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए खिलाड़ियों ने यह कदम उठाया।
LSG vs CSK: उत्तर प्रदेश में आए तूफान के पीड़ितों को दी गई श्रद्धांजलि
बुधवार 13 मई को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा में करीब 111 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। इसी दुखद घटना के पीड़ितों और जान गंवाने वालों के सम्मान में लखनऊ और चेन्नई दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरने का फैसला किया। इसके अलावा मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में एक मिनट का मौन भी रखा गया।
LSG vs CSK: सोशल मीडिया पर दोनों टीमों ने जताई संवेदना
चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोशल मीडिया के जरिए भी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक पोस्ट में लिखा कि टीम उत्तर प्रदेश में आए तूफान से प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि मैच से पहले एक मिनट का मौन रखकर प्रभावित लोगों के प्रति सम्मान और समर्थन जताया गया।
LSG vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद अहम मुकाबला
प्लेऑफ के लिहाज से यह मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। सीएसके ने अब तक 11 मैचों में 6 जीत दर्ज कर 12 अंक हासिल किए हैं और टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। ऐसे में इस मुकाबले में जीत दर्ज कर चेन्नई 14 अंकों तक पहुंचना चाहेगी ताकि अंतिम-4 की उम्मीद मजबूत बनी रहे।
LSG vs CSK: हार से मुश्किल में पड़ सकता है CSK का सफर
अगर चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले (LSG vs CSK) में हार जाती है तो टीम के 12 मैचों में सिर्फ 12 अंक रह जाएंगे। ऐसी स्थिति में सीएसके को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। इसके साथ ही टीम को नेट रन रेट पर भी ध्यान देना पड़ेगा, क्योंकि इस सीजन प्लेऑफ की रेस काफी कड़ी नजर आ रही है।
