कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में कन्कशन की वजह से बाहर जाना पड़ा, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट को बड़ा झटका लगा है। अब अगले मैच में उनके खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
IPL 2026, KKR star player to miss match vs DC: कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इस जीत के बीच टीम की टेंशन भी बढ़ गई। केकेआर के युवा स्टार बल्लेबाज और इस सीजन के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी मैच के दौरान चोटिल हो गए, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों की चिंता बढ़ गई है।
ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय हुई टक्कर के बाद खिलाड़ी को मैदान छोड़ना पड़ा। शुरुआती जानकारी में कन्कशन की बात सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी काफी भ्रम की स्थिति बन गई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या केकेआर का ये स्टार खिलाड़ी टीम के अगले अहम मुकाबले में खेल पाएगा या नहीं।
IPL 2026: कैच पकड़ने के प्रयास में हुआ बड़ा हादसा
मुंबई इंडियंस की पारी के 11वें ओवर में ये घटना देखने को मिली, जब तिलक वर्मा का कैच पकड़ने के प्रयास में केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज की टक्कर वरुण चक्रवर्ती से हो गई। वरुण गेंद तक तो पहुंच गए, लेकिन टक्कर की वजह से कैच पूरा नहीं कर सके। वहीं टक्कर के बाद खिलाड़ी को काफी दर्द में देखा गया। हालांकि शुरुआत में उन्होंने मैदान पर बने रहने की कोशिश की, लेकिन बाद में उन्हें इलाज के लिए मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद उनकी जगह तेजस्वी सिंह को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी दी गई।
IPL 2026: कन्कशन सब्स्टीट्यूट को लेकर मचा बवाल
IPL 2026 के मैच के दौरान शुरुआत में केकेआर और ब्रॉडकास्टर्स की तरफ से जानकारी दी गई कि खिलाड़ी को कन्कशन हुआ है और उनकी जगह रमनदीप सिंह को सब्स्टीट्यूट बनाया गया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई, क्योंकि कन्कशन नियमों के तहत टीम को ‘लाइक टू लाइक’ रिप्लेसमेंट देना होता है। रमनदीप एक ऑलराउंडर हैं, जबकि चोटिल खिलाड़ी स्पेशलिस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। बाद में केकेआर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट हटाए और साफ किया कि तेजस्वी सिंह को रिप्लेसमेंट के तौर पर मैदान पर उतारा गया था।
IPL 2026: अगले मैच में खेलेंगे या नहीं?
आईसीसी के नियमों के मुताबिक कन्कशन होने पर किसी भी खिलाड़ी को कम से कम सात दिन का आराम दिए जाने की सिफारिश की गई है। हालांकि आईपीएल के मौजूदा नियमों में ऐसा कोई अनिवार्य स्टैंड-डाउन पीरियड तय नहीं किया गया है। यही वजह है कि अब भी उम्मीद बनी हुई है कि केकेआर का ये स्टार बल्लेबाज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अगले मुकाबले में खेलता हुआ नजर आ सकता है।
IPL 2026: शानदार फॉर्म में चल रहा है केकेआर का युवा स्टार
IPL 2026 में इस युवा बल्लेबाज ने केकेआर के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीजन 12 पारियों में 422 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 146.52 का रहा है। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट किसी भी कीमत पर उन्हें प्लेऑफ की रेस के इस अहम मोड़ पर मिस नहीं करना चाहेगा। अब फैंस की नजर मेडिकल अपडेट पर टिकी हुई है, क्योंकि अगले मुकाबले में उनकी मौजूदगी केकेआर के लिए काफी अहम रहने वाली है।
