इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का प्लेऑफ मुकाबला अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टूर्नामेंट से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन गई है। सीजन के 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने चेन्नई को 89 रन से हराकर उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया।
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) भी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।
चौथी सीट के लिए जबरदस्त मुकाबला
अब प्लेऑफ की सिर्फ एक जगह बची है और इसके लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सबसे पहले पंजाब किंग्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होना है। हालांकि लखनऊ प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन वह पंजाब का खेल बिगाड़ सकती है। अगर पंजाब यह मैच हार जाता है तो उसका सफर 13 अंकों पर खत्म हो जाएगा।
वहीं अगर पंजाब जीत दर्ज कर लेती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे। इसके बाद नजर राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले पर रहेगी।
राजस्थान के लिए आसान है समीकरण
राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ का गणित बेहद साफ है। टीम अगर मुंबई इंडियंस को अपने आखिरी मैच में हरा देती है तो उसके खाते में 16 अंक हो जाएंगे और वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
ऐसे में IPL 2026 की चारों प्लेऑफ टीमें तय हो जाएंगी।
कोलकाता की उम्मीदें कैसे जिंदा रहेंगी?
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए स्थिति थोड़ी मुश्किल है। KKR को अपना आखिरी मैच जीतना होगा और साथ ही यह उम्मीद करनी होगी कि पंजाब और राजस्थान दोनों अपनी-अपनी अंतिम भिड़ंत हार जाएं।
अगर ऐसा होता है तो कोलकाता नेट रन रेट के आधार पर प्लेऑफ की दौड़ में वापसी कर सकती है। हालांकि पंजाब का नेट रन रेट फिलहाल KKR से बेहतर माना जा रहा है।
राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत बने वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान रॉयल्स की उम्मीदें इस समय 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं। पूरे सीजन में वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
जब-जब टीम को बड़े मुकाबलों में तेज शुरुआत की जरूरत पड़ी, वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया। अब एक बार फिर राजस्थान के फैंस और टीम मैनेजमेंट उनसे बड़ी पारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला राजस्थान के लिए करो या मरो जैसा होगा और ऐसे में वैभव का बल्ला टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभा सकता है।
बड़े गेंदबाजों के खिलाफ दिखाया दम
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे दुनिया के खतरनाक गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की है।
महज 15 साल की उम्र में जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने रन बनाए हैं, उसने क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है।
IPL 2026 में वैभव का धमाकेदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 579 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 236.33 का रहा है, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद खास माना जाता है।
इस सीजन उनके बल्ले से 50 चौके और 53 लंबे छक्के निकल चुके हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल थे।
इसके अलावा वैभव 20 साल की उम्र पूरी करने से पहले ही IPL के एक सीजन में 500 रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।
अब राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ में पहुंचाने की जिम्मेदारी काफी हद तक इसी युवा स्टार के कंधों पर नजर आ रही है।
