IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। जानिए क्वालिफायर-1, एलिमिनेटर, क्वालिफायर-2 और फाइनल मैच कब, कहां और किन टीमों के बीच खेले जाएंगे।
IPL 2026, Playoffs schedule: आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है, जहां लीग स्टेज खत्म होने के साथ प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। इस सीजन आखिरी लीग मुकाबलों तक प्लेऑफ की रेस जारी रही, जिसने फैंस का रोमांच लगातार बनाए रखा। आखिरकार राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर चौथी और अंतिम टीम के रूप में प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
24 मई को खेले गए डबल हेडर के पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराया। इस जीत के साथ राजस्थान ने 16 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं इस नतीजे के बाद पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का सफर यहीं समाप्त हो गया। अब प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमों के साथ मुकाबलों का पूरा शेड्यूल भी सामने आ चुका है।
IPL 2026: मुंबई को हराकर राजस्थान ने बनाई प्लेऑफ में जगह
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 175 रन ही बना सकी और राजस्थान ने 30 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने सीजन की अपनी 8वीं जीत दर्ज की और प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया। वहीं मुंबई की हार के बाद केकेआर और पंजाब किंग्स की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
IPL 2026: पॉइंट्स टेबल में किस टीम ने कहां किया फिनिश?
लीग स्टेज खत्म होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 अंकों के साथ अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 18-18 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर रही। वहीं राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर फिनिश करने में सफल रही।

IPL 2026: प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
- क्वालिफायर-1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs गुजरात टाइटंस — 26 मई, धर्मशाला
- एलिमिनेटर: सनराइजर्स हैदराबाद vs राजस्थान रॉयल्स — 27 मई, न्यू चंडीगढ़
- क्वालिफायर-2: एलिमिनेटर की विजेता vs क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम — 29 मई, न्यू चंडीगढ़
- फाइनल: क्वालिफायर-1 और क्वालिफायर-2 की विजेता टीमें — 31 मई, अहमदाबाद
