पद्मश्री सम्मान के लिए चुने गए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले चरण के समारोह में शामिल नहीं हुए। आइए जानते है इसके पीछे की वजह।
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को इस साल पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है, लेकिन सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में वह नजर नहीं आए। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने फैंस को हैरान कर दिया और सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठने लगे कि आखिर भारतीय कप्तान इस खास मौके पर शामिल क्यों नहीं हुए।
दरअसल, केंद्र सरकार ने 25 जनवरी को 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं की सूची जारी की थी, जिसमें खेल जगत की कई बड़ी हस्तियों के नाम शामिल थे। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पहले चरण के तहत 66 लोगों को सम्मानित किया। इसी समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्मश्री पुरस्कार दिया गया, लेकिन रोहित शर्मा इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सके।
पहले चरण में शामिल नहीं थे Rohit Sharma
पद्म पुरस्कार समारोह हर साल अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाता है और सभी विजेताओं को एक साथ सम्मानित नहीं किया जाता। जानकारी के मुताबिक रोहित शर्मा शेड्यूलिंग कारणों की वजह से पहले चरण के समारोह में शामिल नहीं हो सके। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें दूसरे चरण में राष्ट्रपति भवन बुलाया जा सकता है, जहां वह पद्मश्री सम्मान ग्रहण करेंगे।

IPL 2026 में काफी व्यस्त रहे Rohit Sharma
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) हाल ही में IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि चोट की वजह से वह पूरे सीजन उपलब्ध नहीं रहे और सिर्फ 9 मुकाबले ही खेल सके। इस दौरान उन्होंने 283 रन बनाए। लगातार मैचों और फिटनेस से जुड़े कार्यक्रमों के चलते उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहा, जिसे उनकी गैरमौजूदगी की बड़ी वजह माना जा रहा है।
अब अफगानिस्तान सीरीज पर टिकी नजर
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अब जून में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज की तैयारी में जुटे हुए हैं। चोट से वापसी कर रहे रोहित के लिए फिटनेस सबसे अहम मुद्दा रहने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम में वापसी से पहले उन्हें बीसीसीआई का फिटनेस टेस्ट भी पास करना पड़ सकता है।

शानदार करियर के लिए मिला बड़ा सम्मान
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा रहा है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं और सीमित ओवर क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने कई अहम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान के लिए चुना गया।
