Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर (IPL 2026 Qualifer 2) में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की टीम को गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के सामने 7 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, इसके साथ ही टीम आईपीएल 2026 (IPL 2026) से बाहर हो गई है. राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के 96 रनों की पारी के बदौलत 214 रन बनाए, लेकिन गुजरात ने इसे 18.4 ओवरों में हासिल किया और मैच को अपने नाम किया.
राजस्थान रॉयल्स की टीम को भले ही क्वालीफायर 2 में शिकस्त का सामना करना पड़ा, लेकिन इस सीजन टीम को एक ऐसा विस्फोटक खिलाड़ी मिला है, जो अकेले ही मैच को पलटने की काबिलियत रखता है. हार के बाद कप्तान रियान पराग (Riyan Parag) ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ़ की.
रियान पराग ने Vaibhav Sooryavanshi के आलोचकों को लताड़ा
वैभव सूर्यवंशी अपने विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन जब गुजरात टाइटंस के सामने राजस्थान रॉयल्स ने सिर्फ 7 रनों पर 2 विकेट गंवा दिया तो वैभव ने पारी को संभाला और अपने करियर का सबसे धीमा अर्द्धशतक जड़ा. वैभव सूर्यवंशी ने अर्द्धशतक लगाने के लिए 31 गेंदों का सामना किया. वहीं उसके बाद अगले 15 गेंदों में उन्होंने लगभग 45 रन बनाए.
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ करते हुए कहा कि
“वैभव को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. उसके पास एक स्टाइल है कि वह मैदान में आता है और स्लॉग करके रन बनाता है, लेकिन वह आंख बंद करके स्लॉग नहीं करता. इस मैच में उसकी खेली गई पारी से आप उसे समझ सकते हैं. वह कैलकुलेट करता है, कंडीशंस को समझता है और फिर वही करता है, जो टीम के लिए जरूरी होता है. मुझे उम्मीद है कि आगे चलकर वह देश के लिए भी ऐसा ही प्रदर्शन करेगा, देश का नाम रोशन करेगा और हमारे लिए दूसरी चैंपियनशिप भी लेकर आएगा.”
वैभव सूर्यवंशी ने 2 सीजन में ही लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने पिछले सीजन ही अपने आईपीएल करियर का पहला शतक मात्र 14 साल की उम्र में जड़ा था, उस सीजन उन्हें मात्र 7 मैचों में खेलने का मौका मिला था, लेकिन इस सीजन वैभव सूर्यवंशी को पुरे 16 मैच खेलने का मौका मिला. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम किया.
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है, उन्होंने इस सीजन 72 छक्के लगाए हैं, वहीं इससे पहले 59 छक्के लगाकर क्रिस गेल ने इस पर अपना कब्जा जमाया था. वहीं वैभव सूर्यवंशी के नाम सबसे कम गेंदों में 1000 आईपीएल रन पूरा करने का भी रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
