Seema Haider Statement: भारत-पाकिस्तान के हालिया तनाव के बीच एक बार फिर सीमा हैदर चर्चा में आ गई हैं. सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से उन्हें पाकिस्तान भेजे जाने की मांग की जा रही थी. लेकिन अब सीमा हैदर ने इस मामले में लंबी चुप्पी के बाद प्रतिक्रिया दी है. सीमा हैदर ने रविवार रात एक वीडियो जारी कर कहा कि वह जल्द ही ‘गुड न्यूज’ देने वाली हैं. वीडियो में सीमा अपने पति सचिन मीणा के साथ बैठी हुई नजर आ रही हैं. जबकि सचिन बच्चों को पढ़ाते दिख रहे हैं.
वीडियो में दी ‘गुड न्यूज’ की झलक
सीमा हैदर ने वीडियो में कहा “मैं आपको जल्द ही गुड न्यूज देने वाली हूं. गुड न्यूज तो है लेकिन थोड़ा लेट देना चाहती हूं. वो बहुत अच्छी खबर है. जो मुझे प्यार करते हैं, वो खुश होंगे. हेटर्स तो हेटर ही रहेंगे.” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर सीमा हैदर किस बड़ी घोषणा की ओर इशारा कर रही हैं.
पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर पर बोला हमला
सीमा हैदर ने इस वीडियो में अपने पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा “सचिन बच्चों को पढ़ा रहे हैं, कोई वहम में न रहे कि बच्चों की देखभाल नहीं होती. जितना ध्यान यहां रखा जा रहा है, उतना कहीं नहीं हो सकता.” उन्होंने गुलाम हैदर की तुलना करते हुए कहा कि “एक वो इंसान है जो दिन-रात गालियां देता है और एक ये (सचिन) हैं जो बच्चों को पढ़ाते हैं और एक अच्छी जिंदगी दे रहे हैं.”
भारत सरकार और यूपी सरकार को कहा धन्यवाद
सीमा हैदर ने वीडियो में भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि “हम धन्यवाद करते हैं कि हमें यहां इतनी अच्छी जिंदगी दी गई. यहां के लोग और सरकार ने हमें स्वीकार किया, उसके लिए शुक्रिया.”
2023 में नेपाल के रास्ते आई थी भारत
गौरतलब है कि सीमा हैदर नेपाल के रास्ते 2023 में अपने चार पाकिस्तानी बच्चों के साथ भारत आई थीं. उनकी और सचिन मीणा की मुलाकात ऑनलाइन गेम PUBG के जरिए हुई थी. इसके बाद दोनों नेपाल में मिले और एक मंदिर में शादी की. मई 2023 में सीमा ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा पहुंचीं और अब वहीं सचिन के साथ रह रही हैं. इसी साल उन्होंने एक बच्ची को जन्म भी दिया है.
सोशल मीडिया से थी दूरी, अब फिर हुई एक्टिव
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सीमा हैदर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स – यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम से दूर थीं. लेकिन अब सीजफायर के बाद उन्होंने फिर से सोशल मीडिया पर वापसी की है और पहली बार सार्वजनिक रूप से बयान दिया है.
क्या है ‘गुड न्यूज’? सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
सीमा के इस वीडियो के बाद अब सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
कुछ यूजर्स इसे भारत में नागरिकता मिलने या किसी सरकारी सुरक्षा सुनिश्चित होने से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे निजी जीवन से जुड़ा बड़ा फैसला मान रहे हैं. हालांकि फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया गया है कि यह ‘गुड न्यूज’ आखिर है क्या.
