CNG Car Safety: भारत में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच सीएनजी कारों की मांग तेजी से बढ़ी है. खासकर मिडल क्लास परिवारों और रोज़ाना यात्रा करने वाले लोगों के बीच CNG कारें अब माइलेज की पहली पसंद बन चुकी हैं. हालांकि, CNG कार खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों को जानना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
बूटस्पेस की कमी
CNG कार की सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि उसका बूटस्पेस लगभग खत्म हो जाता है. दरअसल, CNG सिलेंडर कार के बूट में ही फिट होता है, जिससे ट्रॉली बैग या ज्यादा सामान रखने की जगह नहीं बचती. अगर आप अक्सर लॉन्ग ड्राइव या फैमिली ट्रिप पर जाते हैं, तो यह कमी आपके लिए परेशानी बन सकती है. इसलिए कार खरीदने से पहले सोचें कि आपको ज़्यादा सामान ढोना होता है या सिर्फ डेली कम्यूट के लिए कार चाहिए.
फिटेड या रेट्रोफिटेड CNG
बाजार में दो तरह की CNG कारें मिलती हैं – कंपनी फिटेड और रेट्रोफिटेड.
- कंपनी फिटेड CNG कारों में कंपनी द्वारा पहले से CNG किट लगाकर दी जाती है. इन कारों में वारंटी मिलती है, इंजन और किट की सेफ्टी पर भरोसा होता है, और माइलेज भी बैलेंस रहता है.
- वहीं दूसरी ओर, रेट्रोफिटेड CNG किट को बाद में स्थानीय गैरेज या डीलर से फिट कराया जाता है. ये अपेक्षाकृत सस्ती होती हैं, लेकिन इनकी सेफ्टी और इंजन पर असर को लेकर कोई गारंटी नहीं होती.
अगर आप सुरक्षित और बिना परेशानी के लॉन्ग टर्म माइलेज चाहते हैं, तो कंपनी फिटेड CNG कार चुनना बेहतर होगा.
CNG स्टेशन की उपलब्धता
CNG कार खरीदने से पहले यह जरूर जांचें कि आपके इलाके या रूट पर CNG स्टेशन हैं या नहीं. यदि स्टेशन नजदीक नहीं हैं, तो आपको लंबी लाइनें, घंटों इंतजार और कभी-कभी गैस न मिलने की भी दिक्कत हो सकती है. सीएनजी तभी फायदेमंद है. जब उसकी उपलब्धता सुविधाजनक हो. इसलिए सीएनजी स्टेशन की दूरी, पहुंच और सुविधा की जानकारी पहले से लेना जरूरी है.
माइलेज बनाम परफॉर्मेंस
सीएनजी कारों का सबसे बड़ा आकर्षण होता है उनका बेहतरीन माइलेज. लेकिन यह जान लेना जरूरी है कि शहरी इलाकों में CNG कारें बढ़िया माइलेज देती हैं. जबकि हाईवे पर पिकअप थोड़ा कमजोर होता है. अगर आपकी जरूरत रोज़ाना 30-50 किमी शहर के अंदर ड्राइविंग की है, तो CNG कार बेस्ट है. लेकिन अगर आप हाई स्पीड और परफॉर्मेंस पसंद करते हैं और अक्सर लंबी दूरी तय करते हैं, तो आपको यह पहलू सोच समझकर तय करना चाहिए.
मेंटेनेंस और सर्विसिंग
CNG कारों की मेंटेनेंस पेट्रोल/डीजल कारों से थोड़ी अलग होती है. इंजन पर सीधा असर पड़ सकता है अगर नियमित सर्विस नहीं कराई गई. गैस लीक, इंजन हिटिंग, या स्पार्क इश्यू जैसी समस्याएं गलत रखरखाव से बढ़ सकती हैं. CNG किट की समय-समय पर जांच और सर्विस जरूरी है. इसलिए विश्वसनीय सर्विस सेंटर और विशेषज्ञ मैकेनिक की मदद लेना बेहतर होगा.
