केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को त्योहार से पहले बड़ा तोहफा दे सकती है। जुलाई-दिसंबर 2025 की अवधि के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 3% बढ़ोतरी की चर्चा है। अगर ऐसा होता है तो मौजूदा 55% DA बढ़कर 58% हो जाएगा। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब में सीधा फायदा होगा।
साल में दो बार होता है DA रिवीजन
डीए का रिवीजन साल में दो बार किया जाता है—पहली बार जनवरी-जून और दूसरी बार जुलाई-दिसंबर की अवधि के लिए। उदाहरण के तौर पर, मार्च 2025 में सरकार ने जनवरी-जून की अवधि के लिए 2% डीए बढ़ाकर इसे 53% से 55% कर दिया था। अब बारी है जुलाई-दिसंबर की, जिसमें 3% बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
सैलरी और पेंशन पर असर
डीए हमेशा बेसिक सैलरी या पेंशन के आधार पर कैलकुलेट होता है, इसलिए अलग-अलग कर्मचारियों और पेंशनर्स को अलग फायदा मिलता है।
- यदि किसी पेंशनर की बेसिक पेंशन ₹9,000 है, तो फिलहाल 55% डीए पर उन्हें ₹4,950 मिलते हैं। यानी कुल पेंशन ₹13,950 बनती है। 58% डीए लागू होने पर यह बढ़कर ₹14,220 हो जाएगी। यानी हर महीने ₹270 का अतिरिक्त फायदा।
- वहीं, जिनकी न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹18,000 है, उन्हें अभी 55% डीए पर ₹9,900 मिल रहा है। कुल सैलरी ₹27,900 बनती है। लेकिन 58% डीए लागू होने पर डीए ₹10,440 हो जाएगा और सैलरी बढ़कर ₹28,440 हो जाएगी। यानी हर महीने ₹540 की बढ़ोतरी।
कैसे तय होता है DA?
डीए की गणना CPI-IW (Consumer Price Index for Industrial Workers) के आधार पर की जाती है। यह इंडेक्स महंगाई के स्तर को दर्शाता है और इसी के अनुसार महंगाई भत्ते में संशोधन किया जाता है।
कब होगा ऐलान?
सरकार ने अब तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। लेकिन पिछले वर्षों के पैटर्न को देखें तो, नवरात्रि के बाद और दिवाली से पहले डीए बढ़ोतरी की घोषणा की जाती रही है। ऐसे में इस बार भी त्योहार से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3% डीए हाइक का तोहफा मिलने की पूरी उम्मीद है। इससे न सिर्फ उनकी जेब मजबूत होगी, बल्कि दिवाली का जश्न भी और खास बनेगा।