UP Weather Forecast: उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का कहर जारी है। दोपहर के वक्त तेज हीटवेव चल रही है। जिससे लोग दिन में घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। वहीं रात के वक्त भी गर्मी ने चैन छीन लिया है। जिससे लोग बेचैन होकर सो नहीं पा रहे हैं। पूरे प्रदेश में लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि गर्मी से थोड़ी राहत मिल सके।
अगले चार दिन हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 9 जून से लेकर 12 जून तक उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी रहने वाली है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। खासकर जालौन, बांदा, कानपुर, हमीरपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, झांसी और ललितपुर में हीटवेव चलने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट और बारिश की उम्मीद
10 जून को पांच जिलों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट अत्यधिक गर्मी के लिए जारी किया जाता है। जिसमें लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। वहीं 11 और 12 जून को प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। हालांकि प्रतापगढ़ में दोनों दिन बारिश होने की संभावना जताई गई है। जो वहां के लोगों के लिए राहत की खबर हो सकती है।
मानसून की संभावनाएं
उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही बारिश की शुरुआत होगी। मौसम विभाग के मुताबिक 20 जून को दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। इस दौरान वाराणसी, इलाहाबाद, गोरखपुर, देवरिया और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मानसून की बारिश से प्रदेश में तापमान में गिरावट की उम्मीद की जा रही है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।
प्रमुख शहरों का तापमान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बाराबंकी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। इटावा में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।