आधार कार्ड आज सिर्फ़ एक पहचान पत्र नहीं रह गया है। यह देश में सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाला दस्तावेज़ बन गया है। इसका इस्तेमाल कई ज़रूरी योजनाओं, सरकारी और निजी कामों में होता है। कई बार लोग आधार कार्ड में कुछ गलत जानकारी दर्ज कर देते हैं, जिसे बाद में अपडेट करवाना पड़ता है। जिन लोगों के आधार कार्ड बने दस साल से ज़्यादा हो गए हैं, वे आधार कार्ड बनवा सकते हैं।
लोगों के मन में यह सवाल आता है कि आधार कब और कैसे अपडेट करें। इसके लिए UIDAI की ओर से समय-समय पर दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं। अगर आपका आधार भी पुराना हो गया है और आपने उसे अपडेट नहीं कराया है, तो आपके लिए यह एक मौका है जहाँ आप अपना आधार मुफ़्त में अपडेट करा सकते हैं।
आधार को कब तक मुफ्त में अपडेट किया जा सकता है?
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार कार्ड अपडेट करने की मुफ़्त सुविधा दे रहा है। यह ऑफर 14 जून 2026 तक मान्य है। इस तारीख तक आप MyAadhaar पोर्टल पर जाकर अपनी पहचान और पते का प्रमाण अपडेट कर सकते हैं, जिसके लिए आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालाँकि, यह सुविधा केवल ऑनलाइन ही उपलब्ध है।
अगर आप आधार सेवा केंद्र पर जाकर यह बदलाव कराना चाहते हैं तो आपको 50 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन जैसे बायोमेट्रिक डेटा को अपडेट कराने पर 100 रुपये का शुल्क लगेगा। आपको बता दें कि बच्चों के लिए पांच और पंद्रह साल की उम्र में यह अपडेट करवाना जरूरी है।
आधार कार्ड कैसे अपडेट करें?
आधार कार्ड अपडेट करने की प्रक्रिया आसान है और आप इसे घर बैठे पूरा कर सकते हैं। सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट myaadhaar.uidai.gov.in पर जाएं। वहां डॉक्यूमेंट अपडेट का विकल्प चुनें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालकर OTP से लॉग इन करें। इसके बाद आपकी आधार डिटेल्स दिखाई देंगी। अगर जानकारी सही है, तो पहचान और पते के प्रमाण के दस्तावेज़ चुनें और उनकी स्कैन की हुई कॉपी अपलोड करें। सबमिट करने के बाद आपकी रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली जाएगी और आपको 14 अंकों का अपडेट रिक्वेस्ट नंबर यानी URN मिलेगा। जिसके ज़रिए आप अपडेट स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।