AC Filter Cleaning: गर्मियों में AC का इस्तेमाल लगभग हर घर की जरूरत बन चुका है. तेज गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए लोग दिनभर AC चलाते हैं. लेकिन कई बार बिजली का बिल अचानक ज्यादा आने लगता है या कूलिंग कमजोर हो जाती है. इसकी सबसे बड़ी वजह होती है गंदा फिल्टर, जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं.
क्यों जरूरी है AC फिल्टर को साफ रखना?
AC का फिल्टर उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना कि उसका कंप्रेसर. अगर फिल्टर पर धूल या गंदगी जमा हो जाती है, तो यह एयरफ्लो को बाधित करता है और कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव डालता है. इससे AC की कूलिंग कम हो जाती है और बिजली की खपत ज्यादा होने लगती है. कई मामलों में AC ओवरलोड होकर खराब भी हो सकता है.
गंदा फिल्टर कैसे बढ़ाता है बिजली बिल?
जब एयरफ्लो रुक जाता है, तो AC को कमरे को ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसका सीधा असर आपके बिजली बिल पर पड़ता है. एक गंदा फिल्टर AC की ऊर्जा दक्षता को 5% से 15% तक घटा सकता है.
कितना इस्तेमाल करें तो कितने दिन में करें सफाई?
आपका AC कितने समय तक रोजाना इस्तेमाल होता है. इसके आधार पर ही फिल्टर की सफाई की अवधि तय होती है:
- रोजाना 4–6 घंटे AC चलाने वाले घरों में: हर 7–8 हफ्ते में एक बार फिल्टर साफ करें.
- रोजाना 10–12 घंटे या उससे ज्यादा इस्तेमाल: हर 4–6 हफ्ते में एक बार सफाई जरूरी है.
यह नियम फॉलो करने से AC की कार्यक्षमता बनी रहेगी और लाइफ भी लंबी होगी.
AC फिल्टर कैसे करें साफ? आसान तरीका जानिए
- AC को बंद करें और मेन स्विच से प्लग हटाएं.
- फिल्टर को धीरे से निकालें.
- हल्के गुनगुने पानी और ब्रश या कपड़े से अच्छी तरह धोएं.
- धूप में कुछ देर सुखाएं, ताकि उसमें नमी न रह जाए.
- पूरी तरह सूखने के बाद फिल्टर को दोबारा इंस्टॉल करें.
यह प्रक्रिया घर पर आसानी से की जा सकती है और इसमें कोई खास खर्च नहीं आता.
गंदे फिल्टर के नुकसान सिर्फ बिजली तक सीमित नहीं
गंदे फिल्टर सिर्फ बिजली की खपत नहीं बढ़ाते. बल्कि वे आपके परिवार की सेहत के लिए भी नुकसानदेह हो सकते हैं. इनमें मौजूद धूल, फंगस और बैक्टीरिया सांस से संबंधित बीमारियों का कारण बन सकते हैं. ऐसे में फिल्टर की नियमित सफाई न सिर्फ AC को ठीक रखने बल्कि सेहतमंद जीवनशैली के लिए भी जरूरी है.
साल में एक बार सर्विस जरूर कराएं
हालांकि फिल्टर की नियमित सफाई जरूरी है. लेकिन साल में कम से कम एक बार AC की प्रोफेशनल सर्विसिंग भी करानी चाहिए. इससे कोइल्स, फैन और अन्य पार्ट्स की गहराई से सफाई होती है और AC पूरे सीजन बेहतर काम करता है.
