DA Hike : केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे उनकी बेसिक सैलरी के अनुसार मासिक आय में सीधे इजाफा होगा। उदाहरण के तौर पर, 20,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक बेसिक सैलरी वालों की सैलरी में कितनी बढ़त होगी… आइए नीचे खबर में समझ लेते है इसका पूरा कैलकुलेशन-
दिसंबर 2025 का ऑल इंडिया कंज़्यूमर प्राइस इंडेक्स–इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) डेटा जारी हो गया है। लेबर ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2-2 फीसदी बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 58% DA मिल रहा है, जो बढ़कर 60% हो सकता है।
हालांकि सातवें वेतन आयोग (7th pay commission) की अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी है और 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा रहा है, लेकिन जब तक इसकी सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक DA और DR में बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग के आधार पर ही जारी रहेगी।
2% DA बढ़ोतरी कैसे तय हुई?
लेबर ब्यूरो के मुताबिक, दिसंबर 2025 में AICPI-IW इंडेक्स 148.2 पर स्थिर रहा, जो नवंबर 2025 के बराबर है। इससे पिछले 12 महीनों का औसत AICPI-IW 145.54 निकलता है। DA की गणना एक तय फॉर्मूले से की जाती है, जिसमें 12 महीने के औसत AICPI-IW को 2001 बेस ईयर से जोड़ा जाता है। इसके लिए 2016 बेस ईयर के आंकड़ों को 2.88 फैक्टर से गुणा किया जाता है। इस गणना के बाद DA करीब 60.33% बैठता है, लेकिन सरकार राउंड फिगर (round figure) अपनाती है, इसलिए इसे 60% माना जाएगा। यानी मौजूदा 58% DA की तुलना में 2% बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
DA क्या है और यह कब बढ़ता है?
महंगाई भत्ता (DA) सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई (Rising inflation for pensioners) से राहत देने के लिए दिया जाता है। यह सीधे बेसिक सैलरी (basic salary) में जुड़ता है, इसलिए DA बढ़ते ही कुल सैलरी भी बढ़ जाती है। केंद्र सरकार साल में दो बार-जनवरी और जुलाई में-DA बढ़ाती है। जून 2025 के AICPI-IW डेटा के आधार पर अक्टूबर 2025 में DA 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था। अब दिसंबर 2025 के आंकड़ों के आधार पर जनवरी 2026 से एक और बढ़ोतरी की संभावना है, जिसका आधिकारिक ऐलान मार्च 2026 में होली से पहले हो सकता है।
कितना पड़ेगा सैलरी पर असर-
अगर DA 58% से बढ़कर 60% हो जाता है, तो इसका सीधा फायदा कर्मचारियों की जेब पर पड़ेगा। उदाहरण के लिए, ₹20,000 बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को 2% DA बढ़ोतरी से लगभग ₹400 महीने का इजाफा होगा। वहीं ₹50,000 बेसिक पर यह बढ़ोतरी करीब ₹1,000 और ₹1 लाख बेसिक सैलरी पर लगभग ₹2,000 महीने की होगी। इसी तरह पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी समान बढ़ोतरी होगी। कुल मिलाकर, बढ़ती महंगाई के बीच यह 2% DA बढ़ोतरी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत देने वाली खबर है।
