Haryana Electric Buses: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में आयोजित अखिल भारतीय महापौर कार्यकारी परिषद की 115वीं बैठक में राज्य के शहरी विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 तक प्रदेश में कुल 450 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी. इनका संचालन राज्य के 9 शहरों में 50 ई-बसों से शुरू भी हो चुका है. मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत मिशन के तहत अब तक 2,930 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं. जिससे शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य चल रहा है.
प्रधानमंत्री आवास योजना में बना हजारों घरों का रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब तक 21,431 घरों का निर्माण किया जा चुका है. जबकि 11,412 घरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 14 शहरों में 15,256 परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं. यह योजना निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को घर देने की दिशा में एक मजबूत कदम है.
स्मार्ट सिटी परियोजना में तेजी
हरियाणा सरकार फरीदाबाद और करनाल को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित कर रही है. फरीदाबाद में 930 करोड़ रुपये की 45 परियोजनाएं चल रही हैं. वहीं करनाल में 927 करोड़ रुपये की 122 परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं. चार महानगर विकास प्राधिकरण भी स्थापित किए जा चुके हैं. जिससे शहरी नियोजन को नई दिशा दी जा रही है.
शहरी स्थानीय निकायों को मिला रिकॉर्ड बजट
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014-15 में जहां शहरी निकायों के लिए 1,693 करोड़ रुपये का बजट था. वहीं 2025-26 में यह बढ़कर 5,666 करोड़ रुपये हो गया है. इससे यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार शहरी विकास को प्राथमिकता दे रही है.
महापौरों को मिली जिम्मेदारी
सीएम नायब सैनी ने महापौरों से अपने-अपने शहरों को ब्रांड के रूप में विकसित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि महापौर शहरों के पहले नागरिक होने के नाते शहरी योजनाओं को नीतिगत स्तर से जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर मॉडल की सराहना करते हुए हरियाणा के महापौरों से इसे अध्ययन कर अपनाने की सलाह दी.
शहरीकरण को बताया आर्थिक विकास का इंजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में शहर सिर्फ रहने की जगह नहीं. बल्कि आर्थिक विकास, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के केंद्र बन गए हैं. उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं. बल्कि नई चुनौतियों पर विचार और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर भी है.
योजनाओं के क्रियान्वयन में महापौरों की भूमिका अहम
सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में महापौरों की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को मजबूत ढंग से लागू करने के लिए स्थानीय नेतृत्व की भूमिका बेहद अहम है.
