Haryana Orbital Rail Corridor: हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (HORC) राज्य की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है. हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HRIDC) द्वारा विकसित किया जा रहा यह 121.7 किलोमीटर लंबा रेल मार्ग पलवल से सोनीपत तक फैला होगा, जो गुरुग्राम, मानेसर, फर्रुखनगर और खरखौदा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा.
इस परियोजना का उद्देश्य न केवल औद्योगिक हब्स को रेल नेटवर्क से जोड़ना है. बल्कि दिल्ली से गुजरने वाले मालगाड़ियों के दबाव को कम करना भी है. जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात की स्थिति सुधरेगी.
मारुति प्लांट से पातली स्टेशन तक रेल कनेक्टिविटी
HORC परियोजना का पहला कार्यान्वयन खंड 11.5 किलोमीटर लंबा है, जो मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड प्लांट से पातली रेलवे स्टेशन तक बनाया जा रहा है. यह खंड मारुति के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है. क्योंकि अब कंपनी की गाड़ियां सीधे रेल यार्ड से लोड होकर देशभर में भेजी जा सकेंगी. पातली स्टेशन पर विशेष यार्ड तैयार किया गया है. जिसमें एक साथ 30 बोगियों वाली मालगाड़ियां खड़ी हो सकती हैं. इन बोगियों में 100 से 125 गाड़ियों को एक साथ लोड किया जा सकेगा.
सड़क से हटेगा बोझ, रेल से बढ़ेगी सुविधा
अब तक मारुति को अपनी गाड़ियों को सड़क के माध्यम से भेजना पड़ता था. जिससे न केवल लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ती थी. बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती थीं. लेकिन इस रेल विकल्प से अब सड़क पर चलने वाले सैकड़ों मालवाहकों की संख्या कम होगी और रास्ते की भीड़ व वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी.
पर्यावरण को मिलेगा बड़ा लाभ
रेल परिवहन केवल समय और लागत की बचत नहीं करेगा. बल्कि पर्यावरणीय प्रभाव को भी कम करेगा. भारी वाहनों की आवाजाही से जहां राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक जाम और डीजल प्रदूषण बढ़ता है. वहीं इस परियोजना के जरिए ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बढ़ावा मिलेगा. यह परियोजना सतत विकास के लक्ष्य की ओर भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
मानेसर और आसपास के उद्योगों को मिलेगा बूस्ट
यह परियोजना केवल मारुति तक सीमित नहीं है. गुरुग्राम और मानेसर के आसपास के अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी इस रेल मार्ग से फायदा होगा. अब उन्हें अपने माल की ढुलाई के लिए वैकल्पिक और कुशल साधन मिलेगा. इससे प्रोडक्शन क्षमता बढ़ेगी. लॉजिस्टिक्स में दक्षता आएगी और उत्पादों की तेजी से डिलीवरी हो सकेगी.
रोजगार के अवसर और निवेश में बढ़ोतरी
HORC परियोजना से नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा. जब लॉजिस्टिक्स की स्थिति बेहतर होगी, तो नए उद्योग इस क्षेत्र में आने को उत्साहित होंगे. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी.
दिल्ली को ट्रैफिक से राहत, यात्रियों को सुगमता
यह परियोजना दिल्ली की लाइफलाइन पर बने बोझ को कम करने के लिए भी महत्वपूर्ण है. वर्तमान में अधिकांश मालगाड़ियां दिल्ली के रास्ते गुजरती हैं. जिससे यात्री ट्रेनों की समयबद्धता प्रभावित होती है. इस कॉरिडोर के शुरू होने से मालगाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा. जिससे दिल्ली पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा.
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं एक नजर में
- प्रमुख उद्देश्य: दिल्ली का ट्रैफिक कम करना, औद्योगिक क्षेत्र को रेल से जोड़ना
- लंबाई: 121.7 किलोमीटर
- मार्ग: पलवल से सोनीपत तक
- प्रमुख स्टेशन: मानेसर, पातली, फर्रुखनगर, गुरुग्राम, खरखौदा
- पहला खंड: 11.5 किमी (मारुति प्लांट से पातली स्टेशन)
- लोडिंग सुविधा: एक साथ 30 बोगी, 100–125 गाड़ियां लोड करने की क्षमता
