IMD Gurugram Weather : हरियाणा में लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस बीच गुरुग्राम में भी गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर का तापमान अभी से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, मौसम विभाग के वेदर अपडेट के अनुसार आगामी समय में शहर के तापमान में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी, जिसके चलते लोगों को भयंकर गर्मी और धूप का सामना करना पड़ेगा।
मार्च महीने के अभी मात्र 6 दिन बीते हैं, लेकिन गुरुग्राम में तेज धूप और गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। ऐसे में बीते दिन 6 मार्च को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आमतौर पर मार्च महीने में इस दौरान तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाता है। वर्तमान में जो तापमान बना हुआ है वह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस बार मौसम ने अचानक से पलटी खाई है, जिसके चलते प्रदेश में अभी से भयंकर गर्मी पड़ रही है।
पश्चिमी विक्षोभ (WD Weather) की कमी के चलते शहर में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, जिसका असर तापमान पर दिखाई दे रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में ऐसा हुआ था कि मार्च के आखिर में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा हो।
वर्तमान में बढ़ रहे तापमान (temperature) के चलते लोगों को मार्च महीने की शुरुआत में ही मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं, दिन चढ़ते ही तेज धूप भी लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ा रही है। अब शहर में दोपहर के समय सड़कों व बाजारों में लोगों का आवागमन कम होता दिखाई दे रहा है। वहीं, लोग धूप से बचने के लिए छाते का प्रयोग कर रहे हैं। इसी के साथ दोपहर के समय शहर के पार्क और सार्वजनिक स्थान भी अब खाली नजर आने लगे हैं।
जानें आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग (Weather Alert) की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट पर नजर डालें तो आगामी समय में शहर में आसमान साफ रहने वाला है। वहीं, नमी कम होने के चलते तापमान में भी तेजी से उछाल देखने को मिलेगा। बीते कुछ दिनों से बादल न बनने और बारिश न होने के चलते तेजी से गर्मी बढ़ रही है। इसका असर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की आशंका है।
वैसे तो आमतौर पर सर्दी मार्च तक रहती हैं, लेकिन इस बार पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय (Active WD) न होने के चलते सर्दी फरवरी में ही विदा हो चुकी है। ऐसे में लगातार तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। इस बार मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बेहद कम नजर आया है, जिसकी वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है और भयंकर गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है।
जानें प्रदेश के मौसम का हाल
वर्तमान में हरियाणा और पंजाब (Haryana Punjab Weather) में अभी से तेज गर्मी देखने को मिल रही है। ऐसे में दोनों ही प्रदेशों के ज्यादातर हिस्सों में मौसम बेहद गर्म बना हुआ है। हरियाणा में इस बीच सबसे अधिक तापमान सिरसा में दर्ज किया जा रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, इसी के साथ प्रदेश में सबसे गर्म जिला सिरसा बना हुआ है।
वहीं, चंडीगढ़ में भी अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक हिसार में तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस, महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। वहीं, भिवानी में इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
