IMD weather Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। रविवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना है। जहां आसमान साफ रहेगा और लू चलती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले तीन दिन ‘ओरेंज’ अलर्ट रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि गुरदासपुर में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और फरीदाबाद में 46 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और आवश्यक कार्यों के लिए ही बाहर जा रहे हैं।
सिक्किम में तेज बारिश के बाद सड़क धंसी
सिक्किम के मंगन जिले में तेज बारिश के बाद सड़क धंसने और संचार नेटवर्क बाधित होने के कारण 1,200 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। मौसम में सुधार की स्थिति में रविवार को उन्हें निकाला जा सकता है। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन सचिव सी.एस. राव के अनुसार 15 विदेशियों समेत लगभग 1,215 पर्यटक पिछले एक सप्ताह से लाचुंग शहर में फंसे हुए हैं। लगातार बारिश के कारण मंगन जिले में सड़क और संचार नेटवर्क बाधित हो गया है। अब मौसम की स्थिति के आधार पर पर्यटकों को हवाई और सड़क मार्ग से निकाला जाएगा।
गुजरात में समय से पहले मानसून की दस्तक
गुजरात में समय से चार दिन पहले 11 जून को ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दी थी। लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यह राज्य के अन्य हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है। आईएमडी के अहमदाबाद मौसम केंद्र के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 11 जून को दक्षिण गुजरात के नवसारी में दस्तक दी थी।
लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यह चार दिन से आगे नहीं बढ़ पाया है। मानसून आमतौर पर 15 जून को गुजरात में प्रवेश करता है और 20 जून तक अहमदाबाद और सौराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों सहित अन्य भागों में आगे बढ़ता है। 25 जून तक मानसून सौराष्ट्र के अधिकांश भागों में पहुंच जाता है और 30 जून तक यह पूरे गुजरात को कवर कर लेता है।
मानसून-पूर्व बारिश का अनुमान
आईएमडी ने अगले पांच दिनों में राज्य के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। शुक्रवार और शनिवार को कुछ इलाकों में मानसून-पूर्व बारिश भी हुई। इससे किसानों को राहत मिल सकती है और गर्मी का प्रकोप भी कम हो सकता है।
