भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले जानिए टीम इंडिया के उन खिलाड़ियों के नाम जो पहली बार इस बड़े मुकाबले में खेलते नजर आ सकते हैं।
टीम इंडिया एक बार फिर से टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सात रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया। अब भारतीय टीम आठ मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरने वाली है, जहां दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
इस बीच भारतीय टीम के कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो पहली बार टी20 विश्व कप का फाइनल खेलते हुए नजर आ सकते हैं। खास बात यह है कि दो साल पहले यानी 2024 में भारत ने न सिर्फ फाइनल खेला था बल्कि खिताब भी अपने नाम किया था, लेकिन मौजूदा टीम में कई नए चेहरे शामिल हैं जो पहली बार इस बड़े मंच पर उतरेंगे।
IND vs NZ: साल 2024 से लेकर अब तक भारतीय टीम में हुए कई बदलाव
भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2024 में टी20 विश्व कप का फाइनल खेला था और रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। उस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट में कई बड़े बदलाव देखने को मिले।

रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ-साथ रवींद्र जडेजा ने भी टी20 फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। इसके बाद टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में आ गई। सूर्यकुमार यादव पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे हैं और उनकी अगुवाई में टीम इंडिया एक बार फिर फाइनल तक पहुंच गई है।
IND vs NZ: भारत के ये खिलाड़ी पहली बार खेल सकते हैं टी20 वर्ल्ड कप फाइनल
मौजूदा भारतीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल (IND vs NZ) में खेलने के करीब हैं। इनमें ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती जैसे नाम शामिल हैं।
ये सभी खिलाड़ी पिछली बार की टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इस बार टूर्नामेंट में कम से कम एक मैच जरूर खेल चुके हैं। ऐसे में अगर इन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो इनके लिए यह करियर का सबसे बड़ा मुकाबला होगा।

IND vs NZ: संजू सैमसन के पास भी बड़ा मौका
संजू सैमसन पिछली बार 2024 के टी20 विश्व कप में टीम इंडिया का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि इस बार उनकी स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

टूर्नामेंट के पिछले दो मुकाबलों में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया है और उनकी बल्लेबाजी ने टीम मैनेजमेंट का भरोसा भी बढ़ाया है। ऐसे में माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उनका खेलना लगभग तय है।
IND vs NZ: इन खिलाड़ियों को पिछली बार टीम में होकर भी नहीं मिला था मौका
संजू सैमसन के अलावा मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल और युजवेंद्र चहल भी ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2024 के टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
