आईपीएल 2026 के बीच बीसीसीआई ने नया सख्त नियम लागू करते हुए बेंच खिलाड़ियों की मैदान में मूवमेंट पर रोक लगा दी है, जिससे टीमों की रणनीति पर बड़ा असर पड़ेगा।
IPL 2026 New Rules: आईपीएल 2026 के बीच एक बड़ा और सख्त फैसला सामने आया है, जिसने सभी फ्रेंचाइजियों को सतर्क कर दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अचानक नया नियम लागू करते हुए खिलाड़ियों की मूवमेंट पर लगाम कस दी है। इस फैसले का सीधा असर मैच के दौरान टीमों की रणनीति और डगआउट मैनेजमेंट पर पड़ने वाला है।
अब तक मैच के दौरान बेंच पर बैठे खिलाड़ी ड्रिंक्स या संदेश देने के लिए मैदान पर आते-जाते नजर आते थे, लेकिन नए नियम के बाद यह पूरी व्यवस्था बदलने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम खेल को ज्यादा व्यवस्थित और नियंत्रित बनाने के लिए उठाया गया है।
IPL 2026: मैच के दौरान बेंच खिलाड़ियों की एंट्री पर रोक
नए नियम के अनुसार, अब वे खिलाड़ी जो 16 सदस्यीय टीम शीट में शामिल नहीं हैं, उन्हें मैदान पर उतरने की अनुमति नहीं होगी। यानी ड्रिंक्स ब्रेक या किसी संदेश के लिए भी ऐसे खिलाड़ी मैदान में नहीं आ सकेंगे। इसका मतलब साफ है कि अब केवल वही खिलाड़ी मैदान पर गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, जो आधिकारिक टीम सूची में शामिल हैं

IPL 2026: सिर्फ 16 खिलाड़ियों को मिलेगी अनुमति
बीसीसीआई के इस फैसले के तहत मैच के दौरान केवल 16 खिलाड़ी ही मैदान से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे। प्लेइंग इलेवन के अलावा बाकी खिलाड़ियों में से सिर्फ 5 को ही सीमित मूवमेंट की छूट दी जाएगी। बाकी खिलाड़ियों को डगआउट में ही रहना होगा और उन्हें बाउंड्री लाइन तथा एलईडी विज्ञापन बोर्ड के बीच घूमने की अनुमति नहीं होगी।
IPL 2026: ड्रिंक्स और संदेश पहुंचाने के नियम भी बदले
अब ड्रिंक्स या संदेश पहुंचाने का काम भी सीमित खिलाड़ियों तक ही रहेगा। पहले जहां कोई भी सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी यह जिम्मेदारी निभा सकता था, वहीं अब यह अधिकार केवल टीम शीट में शामिल खिलाड़ियों को ही दिया गया है। इससे मैच के दौरान समय की बर्बादी कम करने और प्रक्रिया को तेज बनाने की कोशिश की गई है।

IPL 2026: पुराने नियमों के आधार पर लिया गया फैसला
बीसीसीआई ने यह फैसला पूरी तरह नए सिरे से नहीं, बल्कि पहले से मौजूद नियमों के आधार पर लिया है। नियम 11.5.2 के तहत ड्रिंक्स पहुंचाने की प्रक्रिया पहले से निर्धारित थी, जिसे अब और सख्ती से लागू किया जा रहा है। वहीं नियम 24.1.4 के अनुसार, जो खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन या सब्स्टीट्यूट फील्डर में शामिल नहीं हैं, उन्हें मैदान के किनारे मौजूद रहने के दौरान ट्रेनिंग बिब्स पहनना अनिवार्य होगा।
