आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये के साथ सबसे महंगे कप्तान हैं, जबकि अजिंक्य रहाणे सिर्फ 1.5 करोड़ रुपये में कप्तानी कर रहे हैं, जिससे कप्तानों की सैलरी में बड़ा अंतर साफ नजर आता है।
आईपीएल का नाम आते ही सबसे पहले जिस चीज की चर्चा होती है, वो है पैसा। यह लीग सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े सौदों और भारी-भरकम सैलरी के लिए भी जानी जाती है। हर सीजन में खिलाड़ी एक टीम से दूसरी टीम में जाते हैं और इसके पीछे प्रदर्शन के साथ-साथ पैसा भी एक बड़ा कारण होता है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और इससे पहले कप्तानों की सैलरी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। इस सीजन में कौन कप्तान सबसे ज्यादा कमाई कर रहा है और किसे सबसे कम सैलरी मिल रही है, यह जानना फैंस के लिए भी काफी दिलचस्प है।
ऋषभ पंत IPL 2026 के सबसे महंगे कप्तान
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले कप्तान ऋषभ पंत हैं, जो लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान संभाल रहे हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी ने पूरे 27 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है, जो इस सीजन में किसी भी कप्तान के मुकाबले सबसे ज्यादा है।

IPL 2026: सबसे कम सैलरी पर कप्तानी कर रहे हैं अजिंक्य रहाणे
जहां एक ओर पंत सबसे महंगे कप्तान हैं, वहीं दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे इस सीजन के सबसे सस्ते कप्तान हैं। उन्हें सिर्फ 1.5 करोड़ रुपये की सैलरी मिल रही है।
श्रेयस अय्यर भी टॉप लिस्ट में शामिल
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर भी इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्हें 26.75 करोड़ रुपये में टीम ने अपने साथ जोड़ा है। उनकी कप्तानी में टीम पिछले सीजन फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है, जो दर्शाता है कि फ्रेंचाइजी उन पर कितना भरोसा जताती है।

IPL 2026: बाकी कप्तानों की सैलरी पर एक नजर
आईपीएल 2026 (IPL 2026) में कप्तानों की सैलरी में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। अक्षर पटेल और शुभमन गिल को 16.50 करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जबकि हार्दिक पांड्या 16.35 करोड़ रुपये पर खेल रहे हैं। रियान पराग को 14 करोड़ और ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। वहीं रजत पाटीदार को 11 करोड़ रुपये की सैलरी दी जा रही है।
