भारत सरकार आदिवासी समुदायों के लिए दो बड़े मिशन चला रही है। प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महा अभियान और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान। इनका मकसद आदिवासी इलाकों में सेवाएं व सुविधाएं पहुंचाना है। धरती आबा अभियान के तहत जागरूकता व लाभ संतृप्ति शिविर लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को ग्राम पंचायत अंबा में सीबीएमओ डॉ. राजेंद्र मिमरोट के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन हुआ।
इसमें आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड व जाति प्रमाण पत्र बनाए गए। सिकल सेल रोग और उसके प्रशिक्षण को लेकर जानकारी दी गई। 64 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। 43 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शुगर, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन सहित सामान्य जांच की गई। जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं दी गईं। गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल की गई। बच्चों का टीकाकरण किया गया। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम, पोषण, सफाई और व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुरक्षा पर जानकारी दी गई।
शिविर में शिक्षक जगदीश पटेल, जावेद खान, श्रीराम नायक, पटवारी सुभाषसिंह जाधव, सीएचओ रविंद्र बिरला, परमानंद बिरला, इरशाद खान, योगेश दसौंधी, सोनू बिरला, सचिव ज्योति यादव, ग्राम रोजगार सहायक दामोदर प्रजापति, आशा कार्यकर्ता चंपा कनेर, शकुंतला डुडवे और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।