Harshit Rana, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से बस कुछ ही घंटे पहले टीम इंडिया के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव हआ है। जिसमें तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में 24 घंटे का भी समय नहीं रह गया। ऐसे में टीम इंडिया के स्क्वॉड में एक बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण इस पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
हर्षित राणा की जगह टीम में आखिरी समय पर मोहम्मद सिराज को जगह दी गई है। सिराज ने अभी तक टी20 क्रिकेट में महज 14 विकेट की चटकाए हैं। ऐसे में सिराज को टी20 वर्ल्ड कप में जगह देना टीम इंडिया के लिए बड़ा रिस्क है या मास्टरस्ट्रोक ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
डेढ़ साल बाद सिराज की टीम में वापसी
टीम इंडिया में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिला है। टेस्ट और वनडे फॉर्मेट की भारतीय टीम का अहम हिस्सा सिराज पिछले डेढ़ साल से भी ज्यादा वक्त से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में भारत के लिए पिछला मैच जुलाई 2024 में श्रीलंका दौरे पर खेला था। कुल मिलाकर सिराज ने भारत के लिए 16 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके खाते में 14 विकेट आए हैं। हालांकि उनका इकॉनमी रेट बेहतर है और उन्होंने 8 से कम के इकॉनमी से रन खर्चे हैं।
सिराज को मिलेगा प्लेइंग XI में मौका?
सिराज की टीम में वापसी से भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है लेकिन यहां सवाल ये खड़ा होता है कि क्या कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर USA के खिलाफ मुकाबले में मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया की प्लेइंग XI में मौका देंगे या नहीं। टीम इंडिया की प्लेइंग XI में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ज्यादा फिट नजर आ रहे हैं।

इन दोनों ही गेंदबाजों ने टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में कमाल का प्रदर्शन किया है। जिसके कारण ही टीम लगातार मुकाबले जीत रही है। ऐसे में सिराज को बेंच पर ही बैठना होगा। तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका में हार्दिक पांड्या नजर आने वाले हैं।
T20 World Cup 2026 के लिए टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर और मोहम्मद सिराज.
