बादल
Weather in Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। ऐसे में यहां पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।
आज प्रदेश के कई जिलों में हल्के बादल भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ क्षेत्रों में थोड़ी बूंदाबांदी भी देखने को मिल रही है। भारत मौसम विभाग ने लेटेस्ट वेदर अपडेट जारी कर उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर जानकारी दी है। IMD के अनुसार मध्य प्रदेश में जो वेदर सिस्टम बना हुआ है, उसकी वजह से आज यानी 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के वेदर अपडेट के मुताबिक आज यानी बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जो क्षेत्र मध्य प्रदेश से लगते हैं, वहां बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान तो यह भी है कि आज उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज व चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश में बने इस वेदर सिस्टम का प्रभाव (Impact of weather systems) पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कुछ क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है।
पश्चिमी हवा से बढ़ेगी सर्दी
अगर हम उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Weather) में हवा के रुख की बात करें तो इन दिनों में प्रदेश में पुरवाई हवा चल रही है। ऐसे में अधिकतम तापमान में कुछ बदलाव दर्ज किया जा रहा है। अक्टूबर महीने का अंतिम सप्ताह शुरू होने वाला है और विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भारत के दक्षिणी भाग में सक्रिय होने वाले साइक्लोन का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी साफ दिखाई देने वाला है। इस साइक्लोन के असर के चलते उत्तर प्रदेश में हवाओं का रुख एक बार फिर बदलेगा और पश्चिमी हवाओं की वजह से प्रदेश में सर्दी का स्तर बढ़ने की संभावना है।
जानें राजधानी लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार आज यानी बुधवार दिन में राजधानी लखनऊ में मौसम (weather in Lucknow) साफ रह सकता है। वैसे बीते दिन सुबह के समय राजधानी में हल्की धुंध जरूर छाई रही थी और रात के समय आसमान साफ रहा था। इस दौरान लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आज भी दिन में आसमान लगभग साफ रहने वाला है।
बाराबंकी रहा सबसे ठंडा क्षेत्र
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh News) में ठंड का आगमन शुरू हो गया है। अगर हम बीते 24 घंटे में प्रदेश के सबसे ठंडे क्षेत्र की बात करें तो प्रदेश में बाराबंकी जिला सबसे ठंडा रहा है। बाराबंकी जिले में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है। सबसे अधिक तापमान वाले क्षेत्र की बात करें तो यह प्रयागराज जिला रहा है। यहां पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार आज यानी 23 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 1-2 जिले में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही इस दौरान कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। उनका कहना है कि आने वाले 24 घंटे में प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद प्रदेश के तापमान में धीरे-धीरे कमी देखने को मिलने वाली है।
