Wather update : देश का मौसम कैसा रहेगा, इसे लेकर मौसम विभाग ने ताजा रिपोर्ट जारी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम प्रभावित होगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हरियाणा में भी मौसम आंशिक रूप से बदल सकता है, जहां ठंडी हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं। किसानों और आम जनता को सलाह दी गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें।
मौसम में होगी हलचल
चक्रवाती परिसंचरण के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में हलचल देखी जा रही है। वर्तमान में, एक चक्रवाती परिसंचरण कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है, जिससे दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा, उत्तर बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में एक और चक्रवाती परिसंचरण स्थित है, जो पूर्वोत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। वहीं, उप-उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 100 नॉट की तेज गति से बह रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों में मौसम के बदलाव की संभावना बढ़ गई है। इन मौसमी स्थितियों के चलते ठंडी हवाओं और बारिश के आसार बन रहे हैं।
देश इन हिस्सो में होगी बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में हलचल जारी रहेगी। दक्षिण कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तमिलनाडु, दक्षिण केरल और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बढ सकती है ठंड
15 जनवरी को पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार अपनी योजनाएं बनाने की सलाह दी गई है।
