Weather Forecast : उत्तराखंड में लगातार मौसम करवट ले रहा है। अब एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य के मौसम पर दिखाई दे रहा है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से जारी लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 48 घंटे में उत्तराखंड के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। ऐसे में विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में बारिश की संभावना जताई है। बीते समय में जहां प्रदेश में अच्छी धूप निकल रही थी वहीं, अब एक बार फिर बादल छाने लगे हैं।
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार वर्तमान में उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। इस बीच मौसम निदेशक डॉ. सी एम तोमर का कहना है कि आगामी 48 घंटे में उत्तराखंड के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
भारत मौसम विभाग (India Metrological Department) की ओर से पांच जिलों में बारिश व बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व चमोली में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं, इस बीच आईएमडी ने अपने वेदर अपडेट में प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई है।
जानें देहरादून, हरिद्वार व नैनीताल में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की ओर से जारी वेदर अपडेट (weather Update today) के अनुसार आज 23 फरवरी को हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि इस दौरान पहाड़ों में एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा, जिसका असर मैदानी क्षेत्र के मौसम पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून व उसके आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, इस दौरान ठंडी हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
जानें कैसा रहेगा तापमान
अगर हम प्रदेश के तापमान की बात करें तो फरवरी महीने में ही उत्तराखंड (UK Weather Change) के मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला है। बीते एक हफ्ते से देहरादून व उसके आसपास के मैदानी क्षेत्र में और निचले पहाड़ी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे में यहां तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, दिन में तेज धूप निकलने के चलते लोगों को गर्मी (weather alert today) का भी सामना करना पड़ा है।
आईएमडी का कहना है कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी कम होगी। साथ ही अगर विभाग का पूर्वानुमान सही जाता है और बारिश होती है तो तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कटौती भी हो सकती है। ऐसे में एक बार फिर सुबह-शाम लोगों को ठंड का एहसास हो सकता है।
फिर बढ़ेगा तापमान
डॉ. सीएम तोमर का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (western Disturbance) 24 फरवरी के बाद आगे की ओर बढ़ने लगेगा और इसकी सक्रियता कम हो जाएगी। ऐसे में 25 फरवरी के बाद एक बार फिर प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा और धूप निकलेगी व फरवरी के आखिरी सप्ताह में तापमान में एक बार फिर बढ़त देखने को मिल सकती है।
