Weather Report : मौसम में आज शनिवार यानि 7 दिसंबर को बदलाव देखने को मिलेगा। कई प्रदेशों में धुंध छाई रहेगी। इसी के साथ कई प्रदेशों में बरसात होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले समय में ठंड का असर बढ़ेगा। 8 और 9 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी संभव है। 8 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में बिखरी हुई बरसात हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।
एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 8 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। उत्तर भारत में समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 130 नॉट तक की जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बरसात हुई। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, तमिलनाडु, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई। रायलसीमा, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, केरल और असम में हल्की बारिश दर्ज की गई। बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम धुंध देखी गई। दिल्ली और एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में रहा।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बरसात हो सकती है।
दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बरसात संभव है। ओडिशा, पूर्वी असम, दक्षिण कोंकण और गोवा तथा लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है।
8 और 9 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी संभव है। 8 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में बिखरी हुई बरसात हो सकती है।