हरियाणा में मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह-शाम लोगों को ठंड का अहसास होगा। हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास होगा और गर्म कपड़े पहनने का मन नहीं करेगा। मौसम विभाग की मानें तो 16 फरवरी तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। जिसके चलते कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 25 फरवरी के बाद या मार्च के पहले सप्ताह में प्रदेश में गर्मी दस्तक दे सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, प्रदेशवासियों का कहना है कि इस बार फरवरी में ऐसा मौसम देखने को मिल रहा है।
जैसा मार्च में होली के बाद होता है। अगर फरवरी में ही यह हाल है तो मई और जून की गर्मी से हालत और खराब हो जाएगी। दरअसल, आईएमडी चंडीगढ़ ने हरियाणा के मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। जिसके अनुसार 11 फरवरी से 16 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान कोहरा और बारिश की संभावना नहीं है।
हालांकि, ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम को ठंड रहेगी और दिन में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। आज हरियाणा का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।