दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में मौसम खुशनुमा हो चुका है। बिहार-झारखंड से लेकर नॉर्थ ईस्ट और साउथ के राज्यों में मॉनसून अपना असर दिखा रहा है। आज उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी मॉनसून दस्तक देगा। दिल्ली-एनसीआर में भी आज बारिश की संभावना है और दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में फिलहाल लू से राहत मिलेगी। मॉनसून की बात करें तो इस महीने के आखिर तक पूरे उत्तर भारत में मॉनसून छा सकता है।
मॉनसून की स्थिति और पूर्वानुमान
आईएमडी (भारतीय मौसम विभाग) के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, वेस्ट बंगाल, झारखंड, बिहार और ईस्ट उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में फैल जाएगा। इसके बाद मॉनसून वेस्ट उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली की तरफ बढ़ेगा। स्काईमेट ने अनुमान लगाया है कि 27 से 30 जून के बीच मॉनसून दिल्ली में प्रवेश कर सकता है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होगी। आंधी चलेगी और तापमान में गिरावट आएगी।
आज का तापमान
देश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान इस प्रकार है:
- दिल्ली: न्यूनतम 37, अधिकतम 46
- नोएडा: न्यूनतम 37, अधिकतम 46
- गाजियाबाद: न्यूनतम 36, अधिकतम 46
- पटना: न्यूनतम 34, अधिकतम 40
- लखनऊ: न्यूनतम 35, अधिकतम 44
- जयपुर: न्यूनतम 34, अधिकतम 42
- भोपाल: न्यूनतम 27, अधिकतम 35
- मुंबई: न्यूनतम 29, अधिकतम 30
- अहमदाबाद: न्यूनतम 32, अधिकतम 36
- जम्मू: न्यूनतम 29, अधिकतम 45
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार आज से उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश शुरू होगी। अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मॉनसून पहुंचने की संभावना है। 25 जून से पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। आज पूर्वी यूपी के आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, गाजीपुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, झांसी, महोबा और ललितपुर में बारिश हो सकती है।
मुंबई में येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज और कल यहां भारी बारिश की संभावना है। मुंबई और पालघर के लिए येलो अलर्ट, जबकि ठाणे और रायगड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीएमसी (बृहन्मुंबई नगर निगम) के अनुसार शुक्रवार की सुबह 8 बजे से शनिवार की सुबह 8 बजे तक पूर्वी उपनगर में सबसे अधिक 33.68 एमएम, पश्चिमी उपनगर में 18.30 एमएम और शहर में 7.49 एमएम बारिश दर्ज़ की गई है।
मौसम विशेषज्ञ ऋषिकेश आग्रे के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। तटीय क्षेत्र में शुष्क हवा के प्रवेश के कारण फिलहाल शहर में जोरदार बारिश की संभावना नहीं है। यह स्थिति रविवार तक रहेगी। उसके बाद भारी बारिश की संभावना है।
गाजियाबाद में राहत
गाजियाबाद में भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। काफी समय के बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। एनएच-9 और उसके आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के समय बारिश हुई। जिससे पूरे शहर में ठंडक महसूस हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिन तक आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। बुधवार से फिर आसमान में बादल छा जाएंगे और प्री-मानसून की बारिश की संभावना बनेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहेगा।